खेत से घर जा रहे किसान की पिकअप से कुचलकर मौत, ग्रामीणों ने दौड़ा कर चालक सहित वाहन को पकड़ा
खेत से घर जा रहे किसान को अनियंत्रित पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी और मृत्यु हो गई। चपेट में आने से एक बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।ग्रामीणों ने दौड़ा कर चालक सहित पिकअप को पकड़ लिया। दुर्घटना कप्तानगंज थाने के सतभरिया के टोला नान्हूं मुंडेरा बुधवार की दोपहर हुई।

संवाद सूत्र, रगड़गंज। खेत से घर जा रहे किसान को अनियंत्रित पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी और मृत्यु हो गई। चपेट में आने से एक बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।ग्रामीणों ने दौड़ा कर चालक सहित पिकअप को पकड़ लिया। दुर्घटना कप्तानगंज थाने के सतभरिया के टोला नान्हूं मुंडेरा बुधवार की दोपहर हुई।
हाटा कोतवाली के गांव अथरहां निवासी विनोद प्रसाद बाइक से अपने घर जा रहे थे। जब वह सतभरिया के टोला नान्हुं मुंडेरा पहुंचे तो सामने से आ रही पानी की टंकी लदी पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। विनोद घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
टक्कर के बाद अनियंत्रित पिकअप ने अपने खेत से वापस घर जा रहे सतभरिया निवासी 58 वर्षीय अनिरुद्ध यादव को कुचल दिया। घटना की सूचना पर मथौली चौकी प्रभारी अंकित कुमार सिंह पुलिस कर्मियों संग दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली पहुंचाए। जहां अनिरुद्ध को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल विनोद मेडिकल कालेज अस्पताल कुशीनगर रेफर किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि, पिकअप को चालक सहित कब्जे में लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।