'बेईमानी से चुनाव जीत रही भाजपा...', बिहार चुनावों के परिणाम पर अखिलेश यादव का तंज
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार बेईमानी से चुनाव जीत रही है और अस्पतालों में डॉक्टरों व संसाधनों की कमी है। किराए पर चल रहे स्वास्थ्य केंद्रों का किराया नहीं दिया जा रहा है और एंबुलेंस सेवा भी चरमरा गई है। लखनऊ के अस्पतालों में मरीजों को बेड के लिए भटकना पड़ रहा है।

राज्य ब्यूराे, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार अपना दम, इस जनता के बीच में तोड़ चुकी है, बस बेईमानी करके चुनाव जबरन जीत रही है और सत्ता हथियाई जा रही है।
भ्रष्टाचार और कुशासन के कारण हो रही मौतों का कोई हिसाब नहीं है, क्योंकि भाजपा जानती है कि जनता मरे या जिए, प्रशासन की मदद से बेईमानी करके चुनाव जीत या हथिया लेगी।
मंगलवार को जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। नौ साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन वह डाक्टरों की कमी पूरी नहीं कर पाई। अस्पतालों और मेडिकल कालेज में संसाधनों का अभाव है। सरकार किराए पर चल रहे तमाम स्वास्थ्य केंद्रों का महीनों से किराया नहीं दे पा रही।
बजट के पैसे का बंदरबांट हो रहा है। सामानों के खरीद में कमीशनखोरी हो रही है। राजधानी लखनऊ के बड़े अस्पतालों में भी गंभीर मरीजों को बेड और वेंटीलेटर के लिए भटकना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि औरेया में 420 बेड के मेडिकल कालेज में 100 बेड का भी स्टाफ नहीं। अमेठी में प्रतिबंध के बावजूद डाक्टर, मरीजों को बाहर की दवाएं लिख रहे हैं। इस सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एंबुलेंस व्यवस्था को भी चौपट कर दिया है। अब प्रदेश में मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस भी नहीं मिलती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।