Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UP Politics: 'पीडीए' की काट के लिए भाजपा ने ढूंढ निकाला नया फॉर्मूला, यूपी में फिर चढ़ेगा सियासी पारा

    Updated: Fri, 25 Jul 2025 06:40 PM (IST)

    लखनऊ में भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चौहान समाज के साथ संकल्प दिवस मनाया। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिन के बहाने भाजपा ने इस कार्यक्रम का आयोजन चौहान समाज को एकजुट करने के लिए किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और 2027 में फिर से भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

    Hero Image
    'पीडीए' की काट के लिए भाजपा दुुरुस्त कर रही जातीय समीकरण

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ।  सपा के ''पीडीए'' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले की काट व वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जातीय समीकरण दुरुस्त करने में जुट गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित चौहान समाज का ‘संकल्प दिवस’ कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूं तो यह कार्यक्रम कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिन के मौके पर आयोजित किया गया था किंतु इसका मकसद चौहान (नोनिया/लोनिया) समाज को भाजपा के पक्ष में एकजुट करना था। कार्यक्रम में चौहान समाज ने वर्ष 2027 में प्रदेश व 2029 में केेंद्र सरकार फिर से बनाने का संकल्प लिया।

    अति पिछड़ों को साधने में जुटी भाजपा ने यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया था। खचाखच भरे हाल में प्रदेश भर से चौहान समाज के लोग जुटे थे। दरअसल, भाजपा ने पिछले दशकों में गैर-यादव अन्य पिछड़ा वर्ग और गैर-जाटव अनुसूचित जाति समाज को अपने पक्ष में करने में सफलता हासिल की है।

    चौहान समाज भी भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण वोट बैंक बनकर उभरा है। दारा सिंह चौहान इस समुदाय के बीच पार्टी का चेहरा हैं। यही कारण है कि उनके जन्मदिन के बहाने संकल्प दिवस का आयोजन किया गया।भाजपा इस समाज में अपने जनाधार को और मजबूत करना चाहती है।

    इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी शामिल हुए। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम 2027 में 2017 दोहराएंगे। भाजपा सरकार में पिछड़ो, दलितों व गरीबों सभी का सम्मान है।

    पूर्व की कांग्रेस सरकार को कोसते हुए कहा कि आज हम पाकिस्तान की गोली का जवाब गोले से दे रहे हैं। सपा को घेरते हुए कहा कि यह गुंडे-माफिया के सरगना हैं और बगुला भगत बने हुए हैं।

    ब्रजेश पाठक ने सपा के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि जब-जब सपा की सरकार प्रदेश में रही है तब-तब बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ होता था। सपाई दुकानदाराें से वसूली करते थे। आज गुंडे-बदशाम और माफिया गले में तख्ती लटकाकर घूम रहे हैं कि हमें जेल में डाल दो, हम अपराध नहीं करेंगे।

    उन्होंने कहा कि दारा सिंह चौहान के नेतृत्व में चौहान समाज आगे बढ़ रहा है इसलिए चौहान समाज को उनके साथ आगे बढ़ना चाहिए। दारा ने कहा कि मुझे लोनिया समाज में पैदा होने पर गर्व है।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आप लोगों ने 2017 और 2022 में भाजपा को आशीर्वाद देकर सरकार बनाने का काम किया है। मुझे विश्वास है कि उसी तरह 2027 में भी आशीर्वाद देकर सरकार बनाने का काम करेंगे।

    उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को केवल जन्मदिन समारोह तक सीमित न रखते हुए इसे चौहान समाज की सामाजिक और राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।