Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Politics: आकाश आनंद के बाद मायावती ने किस पर जताया भरोसा? सौंप दी 4 राज्यों की जिम्मेदारी

    Updated: Sun, 14 Sep 2025 05:30 AM (IST)

    बसपा प्रमुख मायावती ने अपने समधी अशोक सिद्धार्थ को केंद्रीय कोऑर्डिनेटर बनाकर चार राज्यों का जिम्मा सौंपा है। अशोक की हाल ही में बसपा में वापसी हुई है। उन्हें छत्तीसगढ़ हिमाचल जम्मू-कश्मीर और गुजरात में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कई अन्य पदाधिकारियों के दायित्वों में भी फेरबदल किया गया है।

    Hero Image
    मायावती ने समधी अशोक सिद्धार्थ को बनाया केंद्रीय कोआर्डिनेटर, सौंपे चार राज्य

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने समधी (भतीजे आकाश आनंद के ससुर) पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को केंद्रीय कोआर्डिनेटर बनाकर चार राज्यों का जिम्मा सौंपा है। अशोक की पिछले दिनों ही बसपा में वापसी हुई है। अशोक के साथ ही कई और पदाधिकारियों के दायित्वों में भी एक बार फिर फेरबदल किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सूत्रों के अनुसार अशोक को पार्टी संगठन के सेक्टर-तीन का केंद्रीय कोआर्डिनेटर बनाकर छत्तीसगढ़, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर व गुजरात राज्य में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। पहले इस सेक्टर को रणधीर सिंह बेनीवाल देख रहे थे।

    बेनीवाल को अब सेक्टर-चार का केंद्रीय कोआर्डिनेटर बनाया गया है जिसे अब तक डा. लालजी मेधांकर को मायावती ने सौंप रखा था। मेधांकर अब सेक्टर पांच और इसे देख रहे पूर्व विधायक अतर सिंह राव सेक्टर छह देखेंगे।

    सेक्टर छह अब तक पूर्व विधायक धर्मवीर सिंह के पास था। सेक्टर एक के पूर्व सांसद रामजी गौतम और दो के पूर्व सांसद राजाराम को यथावत बनाए रखा गया है। उल्लेखनीय है कि बसपा प्रमुख ने संगठन की दृष्टि से देश को छह सेक्टर में बांटते हुए हर एक में तीन से चार राज्यों को रखा है। सेक्टर के केंद्रीय कोआर्डिनेटर के कार्यों की समीक्षा का दायित्व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सौंपा गया है।