Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Crime News: लखनऊ में रिकवरी एजेंट की सिर कूचकर हत्या, ऑफिस में मिला शव, छत तक फैले खून के निशान

    Updated: Wed, 10 Sep 2025 09:38 AM (IST)

    लखनऊ के बंथरा इलाके के दादूपुर गांव में प्रॉपर्टी डीलर विवेक सिंह के ऑफिस में कुनाल शुक्ला नामक युवक की हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने उसकी आंखें फोड़ दीं और CCTV कैमरे व DVR भी ले गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ करीबियों पर शक है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

    Hero Image
    सिर कूचकर रिकवरी एजेंट की हत्या, छत तक फैले खून के निशान

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। दादूपुर गांव में सोमवार रात प्रापर्टी कारोबारी और रिकवरी कंपनी के संचालक विवेक सिंह के कार्यालय में अयोध्या निवासी 32 वर्षीय कुनाल शुक्ला की सिर कूचकर हत्या कर दी गई।

    बदमाशों ने कुनाल की आंखे भी फोड़ दी थी। इसके बाद ऑफिस के सीसी कैमरे और डिजिटल वीडियो रिकार्डर (डीवीआर) भी उखाड़ ले गए। सुबह नौकरानी जब सफाई करने पहुंची तो अंदर बेड पर कुनाल का खून से लथपथ शव मिला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खून के छीटें छत तक फैले थे। मृतक के भाई की सौरभ की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

    यह है पूरा मामला

    अयोध्या के धनुआपुर निवासी कुनाल शुक्ला चार वर्ष से दादूपुर में मकान बनवा कर बड़े भाई सौरभ और मां सुधा शुक्ला के साथ रहते थे। पिता अशोक परिवहन विभाग में रोडवेज बस के परिचालक हैं। भाई सौरभ ने बताया कि कुनाल कुछ वर्षों से दादूपुर निवासी प्रापर्टी डीलर विवेक सिंह के पास काम करते थे।

    विवेक लोन रिकवरी एजेंसी भी चलाते थे। कुनाल अक्सर गांव के बाहर बने विवेक के ऑफिस में ही रुकता था। सोमवार को भी वह ऑफिस में रुका था। सुबह 7:30 बजे सफाई करने वाली महिला संगम थारू पहुंची तो कार्यालय के दरवाजे खुले थे।

    वह अंदर गई तो बेड पर खून से लथपथ कुनाल का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उसके चेहरे पर चोटें थी और आंखें भी फूटी थी। संगम थारू शोर मचाते हुए बाहर आई और पास बैठे एक राजगीर को पूरी घटना बताई।

    घटना की सूचना पर पुलिस ने छानबीन की साथ ही मृतक के परिवार को भी सूचना दी गई। जांच के दौरान पुलिस को पास के खेत से एक लोहे की राड मिली है। आशंका है कि इसी से हमला कर कुनाल की हत्या की गई है।

    सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर विकास पांडेय ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का राजफाश होगा।

    मृतक का फोन भी साथ ले गए बदमाश

    जांच में कुनाल का फोन पुलिस को नहीं मिला है। आशंका है कि विवेक का फोन भी बदमाश अपने साथ ले गए हैं। पुलिस सर्विलांस के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।

    करीबियों पर शक: प्रारंभिक जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। घटना को लेकर कुछ करीबी पुलिस की रडार पर हैं। अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) दक्षिण आर. वसंथ कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।