फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर मायका वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में विवाहिता निकिता महाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि निकिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कृष्णा नगर इलाके में मकान में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कृष्णा नगर इलाके में महिला निकिता महाना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके मकान में पंखे से लटका मिला था। इस मामले में परिवार ने पति, ननद और सास ससुर पर दहेज हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। परिवार ने मुकदमा दर्ज किए जाने तक पोस्टमार्टम से भी इंकार किया है।
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर कार्रवाई की मांग
दिल्ली के मालवीय नगर निवासी राजेश महाना ने बताया कि तीन वर्ष पहले उन्होंने बेटी निकिता की शादी कृष्णा नगर निवासी पार्थ महाना से की थी। इंटरनेट के माध्यम से दोनों परिवारों की सहमति के बाद रिश्ता तय हुआ। 19 अक्टूबर की तड़के पार्थ ने फोन कर बताया कि निकिता की तबीयत खराब है उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर निकिता की मां हवाई जहाज से लखनऊ पहुंची तो निकिता का शव अपोलो अस्पताल में मिला।
कृष्णा नगर इलाके में मकान में फंदे से लटका मिला शव, परिवार ने की मुकदमा दर्ज कराने की मांग
आरोप है कि उस वक्त ससुराल का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। निकिता के शरीर पर चोटों के निशान भी थे। कुछ देर बाद निकिता के पिता राजेश व अन्य परिवारजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कृष्णा नगर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पिता राजेश ने दामाद पार्थ, उसकी बहन, पिता और मां के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट समेत अन्य आरोप लगाए हैं। कृष्णा नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि छानबीन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।