नवरात्रि तक सूखी मेवे के दामों में बढ़ोतरी की उम्मीद, अभी खरीदना फायदेमंद; जानिए क्या हैं भाव
उत्तर प्रदेश लखनऊ में सूखे मेवों के दामों में बदलाव आया है। नई फसल आने से मखाना और छुआरा सस्ते हुए हैं वहीं अखरोट के दाम बढ़ गए हैं। किशमिश की तस्करी से दामों में स्थिरता है। व्यापारियों के अनुसार नवरात्रि में मांग बढ़ने से सूखे मेवों के दाम बढ़ सकते हैं इसलिए अभी खरीदना फायदे का सौदा हो सकता है।

अंशू दीक्षित, लखनऊ । नवरात्र में अगर आप सूखी मेवा का सेवन करते हैं, तो अभी खरीदना उचित रहेगा। क्योंकि अखराेट को छोड़कर सभी मेवे के दामों में गिरावट आई है। जो सूखी मेवा चंद माह पहले महंगी थी, उसमें गिरावट आने से बाजार में तेजी नहीं है।
खासबात है कि जो किशमिश एक दम से महंगी हो रही थी, उसके दाम रुक गए हैं। क्योंकि नेपाल के रास्ते चीन से तस्करी करके किशमिश को भारत पहुंचाया जा रहा है। तस्करी होने से किशमिश जो पांच सौ रुपये प्रति किलो के नजदीक पहुंच गई थी, अब उसके दाम चार सौ से साढ़े चार सौ रुपये प्रति किलो पर रुक गए हैं।
वहीं मखाना जो 1300 रुपये किलो चल रहा था, उसकी नई फसल आने के बाद ग्यारह सौ रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। लखनऊ किराना कमेटी के वरिष्ठ महामंत्री व लखनऊ व्यापार मंडल के संसदीय महामंत्री प्रशांत गर्ग कहते हैं कि मखाने, छुआरे की नई फसल आने के कारण भविष्य में कुछ दाम कम हो सकते हैं।
उनके मुताबिक बादाम के दाम पचास रुपये प्रति किलो थोक में कम हुए हैं। अभी सामान्य बादाम 750 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, उसके दाम 700 रुपये प्रति किलो पर आ गए हैं। वहीं अखरोट जो 1200 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, लेकिन आवक कम होने से अखरोट के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। वर्तमान में यहियागंज थोक मंडी में अखरोट 1400 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं।
व्यापारियों के मुताबिक अखरोट के दाम अभी रुकने की संभावना नहीं है। चिरौंजी की खपत बहुत ज्यादा न होने से दाम स्थिर है। चिरौंजी वर्तमान में 1600 रुपये प्रति किलो में बिक रही है। पिस्ता के दामों में भी बढ़ोत्तरी नहीं है। यह 1200 रुपये प्रति किलो बिक रही है। वहीं छुआरा की नई फसल आने के बाद दामों में गिरावट आई है।
वर्तमान में छुआरा 15 से बीस रुपये प्रति किलो गिरावट आई है। वर्तमान में छुआरा 150 से 200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं बता दें कि यह सभी सूखी मेवे के दाम थोक मंडी के हैं, फुटकर में इनके दामों में तीन से पांच प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी अलग-अलग बाजार में मिल सकती है।
नवरात्रि तक सूखी मेवे के दामों में दस प्रतिशत बढ़ोत्तरी की उम्मीद
व्यापारियों के मुताबिक 22 सितंबर से नवरात्रि शुरू हो रहे हैं। अभी एक माह से अधिक का समय है। इस दौरान सूखी मेवे की डिमांड एक दम से बढ़ेगी। इसलिए दस से पंद्रह प्रतिशत तक सूखी मेवे की दामों में बढ़ोत्तरी थोक मंडी में हो सकती है। व्यापारियों के मुताबिक सूखी मेवा अगर लोग अभी भी लेकर रखते हैं तो फायदे में रहेंगे, क्योंकि मेवा फ्रीज में अगर कुछ दिनों के लिए रख दी जाए तो खराब नहीं होती। उसका सेवन किया जा सकता है। हालांकि लंबे समय तक इसे फ्रीज में रखने से बचना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।