उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को मिला दीपावली का बोनस, सीएम योगी ने दिया निर्देश, कब होगा डीए का एलान?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के मौके पर सरकारी कर्मचारियों को बोनस देने का निर्देश दिया है, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है। अब कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) के एलान का इंतजार है, जिससे उनकी सैलरी में बढ़ोतरी होगी। सरकार जल्द ही डीए पर फैसला ले सकती है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले प्रदेश के 14.82 लाख अराजपत्रित राज्यकर्मियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस दिए जाने की घोषणा की है। कर्मचारियों को यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा 7000 रुपये के आधार पर 30 दिनों की परिलब्धियों के बराबर मिलेगा। प्रत्येक कर्मचारी को बोनस के रूप में 6,908 रुपये मिलेंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बोनस भुगतान संबंधी शासनादेश भी जारी कर दिया है।
बोनस के दायरे में वे पूर्णकालिक अराजपत्रित कार्मिक आएंगे जिनके पद का वेतन मैट्रिक्स लेवल-आठ (47,600- 1,51,100 रुपये) तक तथा ग्रेड वेतन 4,800 रुपये तक है। बोनस का लाभ पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारियों को मिलेगा।
बोनस की 75 प्रतिशत धनराशि संबंधित कर्मचारी के भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी। शेष 25 प्रतिशत का नकद भुगतान किया जाएगा। जिन कर्मचारियों का भविष्य निधि खाता नहीं है, उन्हें 75 प्रतिशत धनराशि एनएससी के रूप में दी जाएगी या उनके पीपीएफ खाते में जमा की जाएगी।
जो कर्मचारी 31 मार्च 2025 के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं या 30 अप्रैल 2026 तक सेवानिवृत होने वाले हैं, उन्हें बोनस की पूरी धनराशि नकद दी जाएगी। ऐसे कर्मचारी जिन्हें वर्ष 2024-25 में विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही या अपराधिक मुकदमें में दंड मिला है, उन्हें बोनस नहीं मिलेगा। राज्य कर्मचारियों को बोनस दिए जाने पर सरकार के खजाने पर 1022.75 करोड़ रुपये का व्ययभार आएगा।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मुताबिक बोनस 14,82,187 कर्मचारी पाएंगे। इनमें 8,80,187 अराजपत्रित राज्य कर्मचारी व कार्य प्रभारित कर्मचारी, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के पांच लाख शिक्षक व एक लाख शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा 2000 दैनिक वेतनभोगी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि बोनस दिए जाने का निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है। प्रदेश की प्रगति में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा।
डीए बढ़ाने की घोषणा भी जल्द करेगी सरकार
राज्य सरकार द्वारा 16 लाख राज्यकर्मियों को तीन प्रतिशत बढ़ी दर से महंगाई भत्ता (डीए) दिए जाने का निर्णय भी जल्द लिया जाएगा। तीन प्रतिशत वृद्धि के साथ राज्यकर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 58 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी दर से महंगाई भत्ता का लाभ पहली जुलाई 2025 से मिलेगा।
सूत्रों के अनुसार सरकार एक सप्ताह के अंदर डीए वृद्धि की घोषणा कर सकती है। ऐसा होने पर नवंबर में मिलने वाले अक्टूबर के वेतन के साथ बढ़े दर से महंगाई भत्ते का लाभ मिलने लगेगा।
जुलाई से सितंबर तक का एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में डालने के साथ ही बचत पत्रों के माध्यम से सरकार देगी। कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ने पर पेंशनर्स की महंगाई राहत की दर भी तीन प्रतिशत बढ़ जाएगी। इसका लाभ 12 लाख पेंशनर्स को मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।