Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UP News: त्योहारों से पहले चकाचक होंगी यूपी की सड़कें, मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

    Updated: Wed, 17 Sep 2025 09:15 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्गा पूजा दशहरा दीपावली और छठ पूजा से पहले प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। वर्तमान में 44196 किमी सड़क को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य है जिसमें 21.67 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

    Hero Image
    त्योहारों से पहले प्रदेश की क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक कराएं अधिकारी: मुख्यमंत्री

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली तथा छठ त्योहार को देखते हुए बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को तेजी से ठीक किया जाए। इन त्योहारों से पहले सभी सड़कें ठीक हो जानी चाहिए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सड़कों की मरम्मत के साथ ही जहां जरूरी हो वहां सड़कों का पुनर्निमाण किया जाए। हाईवे, एक्सप्रेस-वे, ग्रामीण सड़कों के साथ ही शहरी क्षेत्र की सड़कें त्योहारों से पूर्व पूरी तरह से अच्छी स्थिति में नजर आनी चाहिए।

    मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़कों की मररमत तथा गड्ढा मुक्ति अभियान की समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआइ, मंडी परिषद, पीडब्ल्यूडी, ग्राम विकास, पंचायती राज, नगर विकास, सिंचाई, गन्ना एवं चीनी विकास सहित विभिन्न विभागों से सड़कों की गड्ढा मुक्ति के बारे में जानकारी ली।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग लक्ष्य की प्राप्ति में समान गति बनाएं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़कों की मरम्मत में तेजी लाई जाए। सड़क नवीनीकरण का कार्य समय से पूरा करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है, इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीनीकरण कार्यों को समय से पूरा करना भी सभी विभागों की जिम्मेदारी है, इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

    नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगमों में अवस्थापना संबंधी कार्यों की धनराशि का समय से और सही उपयोग किया जाए। कार्य का आवंटन पारदर्शिता के साथ हो और कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो, अन्यथा की स्थिति में महापौरों के अधिकारों पर पुनर्विचार किया जाएगा।

    निर्देश दिए कि जिस भी नगर निगम में ईईएसएल का बकाया है, उसका भुगतान तत्काल करा दिया जाए। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की कुल 6,78,301 सड़कें जिनकी लंबाई 4,32,989 किमी. है, इनमें से 44,196 किमी. सड़क को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक इस काम में 21.67 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

    सड़क नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा में बताया गया कि 31,514 किमी लंबाई की सड़कों को इसमें शामिल किया गया है। पीडब्ल्यूडी ने इसमें 84.82 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत व विशेष मरम्मत के अंतर्गत 2,750 किमी. सड़कें चिन्हित की गई हैं।

    ग्रामीण विकास विभाग ने इसमें 62.99 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है, नगर विकास विभाग ने 35.50 प्रतिशत और अवसंरचना एवं औद्योगिक विकास विभाग ने 48.77 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी 30 सितंबर तक सर्वे पूरा कर कार्ययोजना शासन को प्रस्तुत करे।

    त्योहारों के लिहाज से महत्वपूर्ण सड़कों के बारे में अवगत कराया गया कि 649 मार्ग संतोषजनक स्थिति में हैं, जबकि 114 मार्ग असंतोषजनक स्थिति में पाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन मार्गों को तत्काल सुधार दिया जाए।

    त्योहारों के समय सड़कों की स्थिति प्रदेश की छवि से जुड़ी होती है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन निगरानी हो तथा शासन स्तर पर नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

    उत्तर-दक्षिण कारीडोर बनाने का काम किया जाए

    मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उत्तर-दक्षिण कारीडोर के विकास की रूपरेखा पर भी चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में अधिकांश राजमार्ग और एक्सप्रेसवे पूर्व-पश्चिम दिशा में केंद्रित हैं। आवश्यकता है कि नेपाल सीमा से लेकर प्रदेश के दक्षिणी छोर तक फैले जिलों को जोड़ने वाला एक सुदृढ़ उत्तर-दक्षिण कारीडोर तैयार किया जाए।

    राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) के अंतर्गत आने वाले हिस्सों में एनएचएआइ का सहयोग लिया जाए और शेष मार्गों का निर्माण, सुदृढ़ीकरण तथा चौड़ीकरण राज्य स्तर पर कराया जाए। जहां आवश्यक हो वहां ग्रीनफील्ड रोड परियोजनाएं प्रस्तावित की जाएं।