बिहार में आज फिर मुख्यमंत्री योगी का ताबड़तोड़ प्रचार अभियान, चार जिलों में एनडीए के पक्ष में बनाएंगे माहौल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिहार में भाजपा और एनडीए के लिए ताबड़तोड़ प्रचार करेंगे। दरभंगा में रोड शो के बाद, वे समस्तीपुर, लखीसराय और गोपालगंज में जनसभाएं करेंगे। इन सभाओं में, वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधेंगे और एनडीए के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को फिर बिहार विधान सभा चुनाव में भाजपा व एनडीए के पक्ष में ताबड़तोड़ प्रचार अभियान में जुटेंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार को भी दिनभर में चार विधान सभा क्षेत्रों में जनसभाएं और एक रोड शो कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएंगे।
सोमवार को भी योगी ने बिहार में चार जनसभाएं की थीं। मुख्यमंत्री सबसे पहले दरभंगा जिला पहुंचेंगे, यहां सुबह 11:50 बजे उनका भव्य रोड शो करेंगे। उनका रोड शो लोहिया चौक से शुरू होगा।
इसके बाद दोपहर 1:15 बजे वे समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर विधान सभा क्षेत्र में जनसभा कर एनडीए के पक्ष में माहौल बनाएंगे। यहां वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधेंगे।
इसके बाद दोपहर 2:35 बजे मुख्यमंत्री लखीसराय विधान सभा क्षेत्र पहुंचेंगे। यहां बड़हिया हाईस्कूल के मैदान में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। दिन भर के व्यस्त कार्यक्रम के अंत में शाम 4:10 बजे गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधान सभा क्षेत्र में उनकी चौथी और अंतिम जनसभा होगी। मुख्यमंत्री अब तक चार बार बिहार जा चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कुल 12 जनसभाएं की हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।