किशोर की मौत के मामले में झोलाछाप के खिलाफ FIR, गलत इंजेक्शन लगाने से चली गई थी जान
एक किशोर की मौत के मामले में झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से किशोर की जान चली गई। किशोर के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या डॉक्टर के पास इलाज करने की योग्यता थी।

जागरण संवाददाता, आनंदनगर। किशोर को गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने से उसकी मृत्यु के आरोप में पुरंदरपुर पुलिस ने गुलाब चौराहा स्थित झोलाछाप अशोक कुमार गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इस दौरान नायब तहसीलदार फरेंदा अंकित अग्रवाल की मौजूदगी में शव को मिट्टी खोदकर बाहर निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुरंदरपुर थाना अंतर्गत शाहपुर जंगल निवासी भीमसेन ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि आठ अक्टूबर की शाम लगभग पांच बजे उनके लड़के महेंद्र की तबीयत खराब हो गई। उपचार कराने के लिए बच्चे को गुलाब चौराहा पर स्थित एक चिकित्सक अशोक कुमार गुप्ता निवासी ग्राम बहादुरगढ़ भैंसहिया थाना फरेंदा के पास ले जाया गया। उसके बाद उन्होंने इंजेक्शन लगाया गया।
इंजेक्शन लगते ही महेंद्र की तबीयत और खराब हो गई। आनन-फानन में उसे सीएचसी बनकटी ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से चिकित्सकों ने महेंद्र को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। किंतु रास्ते में ले जाते समय रात लगभग 12 बजे उसकी मृत्यु हो गई। नौ अक्टूबर को शाहपुर जंगल में उसका शव मिट्टी के नीचे ढककर अंतिम संस्कार किया गया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रशासन हरकत में आ गया।
पुरंदरपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि मामले में आरोपित झोलाछाप के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई की जा रही है। किशोर के शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।