UP News: गन्ना सर्वे कार्य में आई तेजी, लगाई गई 32 टीमें; 30 जून तक काम पूरा करने का टारगेट
महराजगंज जिले में गन्ना विभाग द्वारा गन्ना किसानों के वार्षिक सर्वेक्षण का कार्य तेज़ी से चल रहा है। 32 टीमें तीन चीनी मिल क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर रही हैं और अब तक 17598 किसानों का सर्वे पूरा हो चुका है। यह सर्वे आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ना आपूर्ति योजना बनाने हेतु किया जा रहा है। 30 जून तक सर्वेक्षण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। जिले में गन्ना किसानों के वार्षिक सर्वेक्षण कार्य को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। गन्ना विभाग के निर्देश पर जिले की तीन प्रमुख चीनी मिल क्षेत्रों में 32 टीमें सर्वेक्षण कार्य में लगाई गई हैं। अब तक 17,598 किसानों का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। यह कार्य आगामी पेराई सत्र के लिए किसानों की गन्ना आपूर्ति की योजना तैयार करने हेतु किया जा रहा है।
जिले में पिछले पेराई सत्र के मुताबिक इस वर्ष कुल 45,171 गन्ना किसानों की पहचान की गई है, जिनका सर्वे निर्धारित समयसीमा 30 जून 2025 तक पूरा किया जाना है। सर्वे कार्य तीन मिल क्षेत्रों जिनमें सिसवा बाजार, गड़ौरा और पिपराइच मिल से जुड़े किसान शामिल हैं। इसके लिए सिसवा बाजार चीनी मिल क्षेत्र में 17 टीमों को 28,946 किसानों का सर्वे करना है, जिसमें से अब तक 10,577 किसानों का सर्वे कार्य संपन्न हो चुका है।
इसी क्रम में गड़ौरा क्षेत्र में कार्यरत आठ टीमों को कुल 8,348 किसानों का सर्वे सौंपा गया है, जिसमें से अब तक 3,535 किसानों का डेटा दर्ज किया गया है। वहीं पिपराइच क्षेत्र में तैनात सात टीमों ने 7,877 में से 3,486 किसानों का सर्वे पूरा किया है।
जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह यादव ने बताया कि सभी टीमें सर्वे कार्य में पूरी निष्ठा से लगी हुई हैं। प्रत्येक किसान का सर्वे सटीकता के साथ किया जा रहा है, ताकि गन्ना आपूर्ति से जुड़ी योजना बिना किसी त्रुटि के तैयार की जा सके।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य के अनुसार कार्य की प्रगति निरंतर निगरानी में है, और यह सुनिश्चित किया जा रहा है, कि 30 जून तक सर्वे का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो जाए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।