भाई दूज पर संशय पर रोडवेज तैयार, बहनों को इन रूटों पर फटाफट मिलेंगी बसें; हेल्पलाइन नंबर भी जारी
मैनपुरी डिपो ने भाई दूज के लिए 73 बसों का बेड़ा तैयार किया है। बुधवार और गुरुवार को निर्धारित रूटों पर बसों का संचालन होगा। दिल्ली, कानपुर, लखनऊ रूट पर अतिरिक्त बसें चलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं। रोडवेज ने भाई दूज पर यात्रियों को सुगम यात्रा का भरोसा दिलाया है।

प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दीपावली इस बार दो दिन की मानी गई है। ऐसे में भाई दूज को लेकर भी लोगों में असमंजस की स्थिति रही। बुधवार तो कोई गुरुवार को भाई दूज का पर्व बता रहा है। भले ही लोगों में असमंजस हो, लेकिन रोडबेज की तैयारी पूरी है। मैनपुरी डिपो ने 73 बस का निर्धारित रूट पर संचालन कराने के लिए चालक-परिचालक को रूट चार्ट सौंप दिए हैं। बुधवार सुबह से ही सभी बसों का नियमानुसार संचालन कराया जाएगा।
बुधवार और गुरुवार दोनों दिन निर्धारित रूट पर ही होगा बसों का संचालन
पंचांग में इस बार दुविधा भरी स्थिति रही है। भाई दूज को लेकर भी लोगों में एक राय नहीं है। सोमवार को दीपावली मानने वाले लोग बुधवार को भाई दूज मान रहे हैं, लेकिन ज्यादातर गुरुवार को इसके लिए शुभ बता रहे हैं। इन सबके बीच उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। मैनपुरी डिपो संचालन प्रभारी अनुज कुमार दुबे का कहना है कि डिपो के पास 73 बस उपलब्ध हैं। बुधवार सुबह तीन बजे से ही इनका संचालन आरंभ कराया जाएगा।
73 बस के चालक-परिचालक को सौंपा रूट चार्ट
भाई-बहनों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिल्ली, कानपुर, लखनऊ रूट के लिए बसों को पहले भेजा जाएगा। उसके बाद बीच-बीच में स्थानीय रूट की बसों को भी रवाना किया जाएगा। जिस रूट के लिए यात्रियों की सर्वाधिक भीड़ होगी, उस रूट पर रिजर्व में उपलब्ध बस को रवाना करा दिया जाएगा। सभी चालक-परिचालकों को उनके रूट के अनुसार ड्यूटी चार्ट भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।
ये होगी व्यवस्था
मैनपुरी डिपो से संचालित 73 बस में से सर्वाधिक 30 बस दिल्ली रूट पर लगाई गई हैं। शेष को आगरा, फर्रुखाबाद, इटावा, कानपुर और लखनऊ रूट के साथ स्थानीय रूट के लिए रखा गया है। चालक-परिचालकों को भी अतिरिक्त संचालन के निर्देश दिए गए हैं। कुछ बसें स्टेशन परिसर में रिजर्व में रहेंगी।
मैनपुरी डिपो की स्थिति
73 बसों का संचालन किया जा रहा है।
71 बस निगम की हैं
02 बस अनुबंधित हैं
इन रूट पर रहेगी व्यवस्था
दिल्ली रूट पर बीएस-6 इंजन वाली बसों को भेजा जाएगा। इनके अतिरिक्त कानपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, आगरा के स्थानीय रूट पर बीएस-4 इंजन वाली बसों को लगाया जाएगा। कई बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं जो स्थानीय ग्रामीण मार्ग से होते हुए दिल्ली और आगरा के लिए जाएंगी। चालक को आदेशित किया गया है कि वे बसों को निर्धारित स्टेशन पर ही रोकेंगे।
---
भाई दूज को लेकर सभी तैयारी पूर्ण हो गई हैं। लंबे रूट के लिए सर्वाधिक बस लगाई गई हैं। अन्य डिपो की बसों के लिए भी यूपीएसआरटीसी का आदेश है कि वे बाइपास होकर नहीं गुजरेंगी। सभी बसों में हेल्पलाइन नंबर भी लिखवाए गए हैं। समस्या पर यात्री सीधे सूचना दे सकते हैं।
- संजीव कुमार, एआरएम, मैनपुरी डिपो
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।