राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वृंदावन में किए बांके बिहारी के दर्शन, अर्पित किए फल और मिठाई के थाल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने एक दिवसीय आध्यात्मिक दौरे पर वृंदावन पहुंचीं। वह विशेष ट्रेन से वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पर उतरीं जहाँ गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगी। उनकी स्पेशल ट्रेन के कारण नई दिल्ली से आगरा के मध्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा जिससे डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोका गया।

संवाद सहयोगी, वृंदावन । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कड़ी सुरक्षा के बीच ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं। ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। जरी की सतरंगी पोशाक में विराजमान ठाकुरजी को राष्ट्रपति अपलक निहारती रहीं। मंदिर के सेवायत गौरव गोस्वामी व फ्रेंकी गोस्वामी ने विधिविधान से सबसे पहले चांदी का दीपक जलवाया। राष्ट्रपति ने ठाकुरजी को 5100 रुपये का लिफाफा अर्पित किया।
गुरुवार को निर्धारित समय 10.35 से दस मिनट पहलेे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार से बांकेबिहारी की वीआइपी पार्किंग तक पहुंची। मंदिर के प्रवेश द्वार पर गोल्फ कार्ट से उतरते ही श्री बांके बिहारी हाईपावर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार और सदस्य दिनेश गोस्वामी ने राष्ट्रपति और उनके साथ आए परिवार के लोगों का भी स्वागत किया। मंदिर के सेवायत एवं कमेटी के सदस्य विजय कृष्ण गोस्वामी उन्हें पूजा स्थल तक ले गए। उन्होंने ठाकुर के दर्शन किए।
विशेष शृंगार में किए दर्शन
आराध्य के विशेष शृंगार में दर्शन करने के साथ ही मंदिर के सेवायत गौरव गोस्वामी एवं फ्रैंकी गोस्वामी ने विधि विधान से पूजन कराया। उन्होंने सबसे पहले चांदी का दीपक जलाया। अपने साथ लाईं फल और मिठाई के दो थाल ठाकुरजी को अर्पित किए साथ ही 5100 रुपये का लिफाफा ठाकुरजी को अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने चंदन कोठरी के बाहर छोटे दरवाजे पर देहरी पूजन किया। गुलाब के इत्र से मंत्रोच्चारण के साथ पूजन एवं कुंज बिहारी अष्टक के साथ पंच कलश पूजन किया।
मंदिर के सेवायत गोस्वामी के द्वारा राष्ट्रपति को ठाकुरजी की प्रसादी माला, अंग वस्त्र इकलाई, चांदी की मुरली प्रदान की गई। इसके अलावा दोनों तरह के पक्का और कच्चा प्रसाद भी दिया गया। श्री बांके बिहारी मंदिर हाई पावर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार के साथ सदस्य दिनेश गोस्वामी, श्रीवर्धन वर्धन गोस्वामी व विजयकृष्ण गोस्वामी द्वारा ठाकुर बांकेबिहारी की तस्वीर भेंट की गई और प्रसाद दिया।
इसके बाद वह गेट एक से ही मंदिर से निकलकर निधिवन के लिए रवाना हुई। मंदिर के आसपास की गलियोें पर पुलिस का सख्त पहरा रहा। मदनमोहन घेरा, हरिनिकुंज चौराहा, विद्यापीठ चौराहा, गौतम पाड़ा पर ही लोगों को मंदिर की ओर जाने से रोका जा रहा था।
तीन राष्ट्रपतियों ने किए ठाकुर जी के दर्शन
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत फ्रैंकी गोस्वामी और गौरव गोस्वामी ने कहा कि यह हमारा और हमारे परिवार का सौभाग्य है कि हमें देश की राष्ट्रपति को ठाकुरजी के दर्शन और पूजन कराने का अवसर प्राप्त हुआ ह। यह उनका चौथा अवसर हैं।
इससे पहले देश के तीन राष्ट्रपति को ठाकुरजी के दर्शन और पूजन करा चुके हैं। यह ठाकुरजी का संयोग है कि जब -जब उनकी ठाकुरजी की सेवा का समय आया तभी राष्ट्रपति मंदिर दर्शन करने के लिए आए। उन्हें दर्शन व पूजन कराने के बाद उन्हेें ठाकुरजी की प्रसादी माला, इकलाई, पटुका एवं विशेष प्रसाद दिया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।