Banke Bihari Mandir Time: बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन समय में 6 नवंबर से बदलाव, ये रहेगी टाइमिंग
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के समय को लेकर विवाद है। उच्चाधिकार प्रबंधन समिति ने 3 नवंबर से नया समय लागू करने का आदेश दिया, पर सेवायत सहमत नहीं हैं। 6 नवंबर से शृंगार आरती की जिम्मेदारी बदलने पर सुबह 8 बजे पट खुलेंगे, जो 4 दिसंबर तक जारी रहेगा।

प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्रबंधन समिति ने तीन नवंबर से नए समय पर मंदिर के दर्शन खोलने की मांग की, लेकिन सेवायत अभी भी इस पुराने समय पर ही दर्शन कराने पर अड़े हैं। ऐसे में तीन नवंबर से नया समय लागू नहीं होगा। छह नवंबर से समिति में शामिल सदस्य सेवायत के हाथ में शृंगार आरती की जिम्मेदारी होगी, तो वह छह नवंबर से नए समय पर पट खोलेंगे। चार दिसंबर तक उनकी ही सेवा रहेगी।
चार दिसंबर तक उच्चाधिकार प्रबंधन समिति सदस्य के हाथ में होगी सेवा
उच्चाधिकार प्रबंधन समिति ने करीब ढाई घंटे प्रतिदिन अधिक ठाकुर जी के दर्शन कराने का समय जारी किया था। 30 सितंबर से लागू करने के आदेश दिए। लेकिन सेवायत इसे मानने को राजी नहीं हुए। अब तक नए समय पर दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। 29 अक्टूबर को हुई बैठक में फिर तीन नवंबर से नए समय पर दर्शन खोलने को कहा गया। तब सेवायतों ने गोस्वामी समाज से वार्ता के बाद निर्णय लेने की बात कही। तीन नवंबर को सुबह शृंगार आरती की सेवा शयनभोग सेवाधिकारी गौरव गोस्वामी के हाथ होगी।
समिति ने तीन नवंबर से बदलाव के निर्देश दिए थे, लेकिन नहीं माने सेवायत
गौरव गोस्वामी का कहना है वे पूर्व के हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार वर्तमान समय सुबह 8.45 बजे ही दर्शन खोलेंगे और शृंगार आरती करेंगे। शृंगार आरती के बाद राजभोग सेवा का अधिकार समिति सदस्य शैलेंद्रनाथ गोस्वामी का होगा।
शैलेंद्रनाथ गोस्वामी ने कहा छह नवंबर को मंदिर की सेवा में बदलाव होगा और सुबह शृंगार आरती की जिम्मेदारी राजभोग सेवाधिकारियों को मिल जाएगी। ऐसे में वे छह नवंबर से समिति के निर्देश के अनुसार सुबह आठ बजे मंदिर के पट खोलेंगे और दोपहर को डेढ़ बजे मंदिर के पट बंद करेंगे। उनकी सेवा चार दिसंबर तक रहेगी। तब तक सुबह आठ बजे ही पट खुलेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।