पानी की मोटर में आए करंट से महिला की मौत, सांस चलने की चर्चा; जिंदगी बचाने के लिए कई अस्पतालों में दौड़े स्वजन
मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में पानी भरते समय मोटर में करंट लगने से एक महिला की मृत्यु हो गई। महिला को बचाने के लिए परिजन कई अस्पतालों में ले गए लेकिन निराशा हाथ लगी। बताया जा रहा है कि सांस लौटने की बात पर परिजन उसे दोबारा अस्पताल ले गए लेकिन वहां भी उसे मृत घोषित कर दिया गया।

जागरण संवाददाता, मथुरा। फरह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पानी की मोटर में करंट आने से महिला की मृत्यु हो गई। जीवन बचाने की आस में महिला को गंभीर हालत में स्वजन कई अस्पतालों में ले गए, लेकिन निराशा हाथ लगने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। महिला की मृत्यु से मुहल्ले में शोक व्याप्त हो गया।
कस्बा के मुहल्ला सारस्वत पाड़ा निवासी भोगी उर्फ जीवन लाल की पत्नी मिथलेश सोमवार सुबह सरकारी नल से आने वाली आपूर्ति के समय मोटर लगाकर पानी भर रही थी। पानी भरने के बाद वह दरवाजे को धो रही थी।
स्विच ऑफ करने पर लगा करंट
काम समाप्त होने के बाद महिला को मोटर का स्विच बंद करने का ध्यान नहीं रहा। उन्होंने जैसे ही मोटर को हाथ लगाया, तभी जोरदार करंट लगने से उसकी चीख निकल गई। स्वजन ने मोटर का स्विच बंद किया और महिला को गंभीर हालत में टाउनशिप स्थित स्वर्ण जयंती अस्पताल ले गए, जहां से महिला को मृत बता दिया।
इसके बाद स्वजन उसे पास के अग्रवाल लाइफ लाइन अस्पताल ले गए, जहां से मना कर दिया। महिला को बचाने के लिए स्वजन उसे गोवर्धन चौराहा स्थित सिटी अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया। इसके दो घंटे बाद बाद स्वजन शव को वापस घर ले आए, जहां यमुना किनारे अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सांस लौटने पर फिर ले गए अस्पताल
महिला का शव सुबह आठ बजे घर आया। इसके बाद स्वजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार इसी दौरान महिला की सांस चलने का शोर मचा गया। स्वजन उसे फिर सिटी अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद महिला को मृत बताया तो स्वजन उसे फिर घर ले आए। इस दौरान कई बार महिला की सांस लौटने की चर्चा होती रहीं। महिला की मृत्यु से मुहल्ले में शोक का माहौल हो गया। शव का अंतिम संस्कार यमुना किनारे किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।