"आपको कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया है, बाहर जाइये", भाजपा के वर्तमान और पूर्व जिलाध्यक्ष में जमकर कहासुनी
मऊ में महिला मोर्चा सम्मेलन के दौरान भाजपा के वर्तमान और पूर्व जिलाध्यक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल के पहुंचने पर वर्तमान जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ गया। बड़े नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, और यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

भाजपा के वर्तमान व पूर्व जिलाध्यक्ष में विवाद खुलकर सामने आ गया है।
जागरण संवाददाता, मऊ। भाजपा के वर्तमान व पूर्व जिलाध्यक्ष में विवाद खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को
आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत नक्षत्र मैरेज हाल अदरी में आयोजित महिला मोर्चा सम्मेलन में दोनों के बीच जमकर बवाल व कहासुनी हुई। बड़े नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
इस विवाद का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है। शुक्रवार को नक्षत्र मैरेज हाल में महिला मोर्चा सम्मेलन था। इसमें मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश मंत्री शकुंतला चौहान, मुख्य वक्ता महिला मोर्चा को प्रदेश कार्य समिति सदस्य रजनी पांडेय व जिला प्रभारी रमेश सिंह उपस्थित थे।
कार्यक्रम शुक्रवार को साढ़े बारह बजे शुरु होना था। कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थी। दिन में ग्यारह बजे के करीब पूर्व ज़िलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल भी कार्यक्रम में पहुंच गई। उनके पहुंचने पर वर्तमान जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य बिफर पड़े। कहा कि आपको कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया है। इसलिए आप बाहर जाइये।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने इसका विरोध किया और कहा कि महिला मोर्चा का कार्यक्रम है। बाहर नहीं जाऊंगी। इसे लेकर जमकर बवाल हुआ। दोनों पक्षों की तरफ से देख लेने की धमकी दी गई। मंच पर बैठे भाजपा के बड़े नेताओं ने हस्तक्षेप कर पूर्व जिलाध्यक्ष को मंच पर बैठाया। तब जाकर मामला शांत हुआ। यह पूरा मामला इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।