'बिहार ने उप्र के लिए भी सुना दिया है फैसला', राज्यसभा सदस्य ने ऐसा क्यों कहा?
भाजपा नेता के. लक्ष्मण ने कहा कि बिहार में भाजपा की जीत विश्वास और सुशासन की जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि बिहार ने भी विकास और स्थिरता के लिए भाजपा को चुना है। उन्होंने सपा के पीडीए को नकारते हुए कहा कि सभी वर्ग भाजपा के साथ हैं और उत्तर प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य के लक्ष्मण ने कहा कि बिहार में 243 में से 202 सीटों की विजय केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं यह विश्वास, स्थिरता और सुशासन की जीत है। उप्र में 2027 में भाजपा की सरकार फिर से बनेगी। बिहार ने उप्र के लिए भी अपना फैसला सुना दिया है कि सभी को विकास, अवसर और स्थिरता चाहिए।
सपा के पीडीए में दम नहीं है, क्याेंकि अल्पसंख्यक, पिछड़ा और दलित सब भाजपा के साथ हैं। कहा कि जब उत्तर प्रदेश, विकास की राजनीति को आगे बढ़ा रहा है, तब कुछ लोग अब भी नकारात्मकता और भ्रम फैलाने में व्यस्त हैं। वह बागपत रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर मंगलवार को मतदाता गहन पुनरीक्षण बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए नई दिशा तय कर रहा है। बिहार ने यूपी का माडल देखकर सही फैसला किया है। कोई भी देख सकता है कि निवेशक अब यूपी को भरोसेमंद और निवेश-अनुकूल प्रदेश मानते हैं।
पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप माडल की सफलता इसका प्रमाण है कि अब तक उत्तर प्रदेश में 98 पीपीपी परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 155 सक्रिय परियोजनाएं तेजी से प्रगति पर हैं। 500 करोड़ के यूपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड का गठन किया गया है। सड़कें, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, औद्योगिक गलियारें, ऊर्जा और हाइजेनिक ट्रीटमेंट प्लांट्स जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे बड़े औद्योगिक और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट पीपीपी माडल के मदद से तेजी से विकसित हो रहे हैं। ग्रीन हाइड्रोजन, स्मार्ट सिटी मिशन, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी पीपीपी का उपयोग किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र में भी यूपी राष्ट्रीय मानचित्र पर प्रमुख हब बनकर उभरा है।
औद्योगिक सांख्यिकी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 21 हजार 902 से बढ़कर 22 हजार 141 हो चुकी है। कहा कि मतदाता गहन पुनरीक्षण में सभी कार्यकर्ता, मोर्चा गंभीरता से जुटकर नाम जुड़वाएं। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विकास अग्रवाल, मनोज पोसवाल, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।