मेरठ में निर्माणाधीन मकान गिरने से मजदूर की मौत, एक घायल
मेरठ के भावनपुर क्षेत्र के मानपुर गांव में एक निर्माणाधीन मकान गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे को हटाने का काम शुरू किया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भावनपुर क्षेत्र के गांव मानपुर में होमगार्ड गजेंद्र उर्फ पप्पू के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। मकान के एक हिस्से में छज्जा डाला गया था। गजेंद्र शनिवार करीब 12 बजे छज्जे का ढुला 31 वर्षीय रोहित निवासी गांव अम्हेड़ा व सटरिंग मालिक 30 वर्षीय विकास उर्फ लीले खोल रहे थे। अचानक ढुला के साथ ही छज्जे का लेंटर भी उसके साथ नीचे गिर गया। इसके नीचे रोहित व विकास दब गए।
छज्जे के गिरने की तेज आवाज और लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग तत्काल मौके पर दौड़े और दोनों को मलबे के नीचे से निकला। मौके पर ही रोहित ने दम तोड़ दिया, जबकि विकास बुरी तरह घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल उसे सीएचसी भावनपुर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी डायल 112 को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और रोहित का शव तत्काल मर्चरी भेजा गया। उसके स्वजन को सूचना दे दी गई है। विकास की हालत सीएससी भावनपुर में गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।