Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चोरी का नया ट्रेंड... आपके घर में भी शादी है तो जयमाल से पहले इस बात का जरूर रखें ख्याल

    Updated: Wed, 26 Nov 2025 03:06 PM (IST)

    मेरठ में जयमाला के दौरान, ढोल बजाने आए दो युवकों ने एक घर में चोरी की। दुल्हन के पिता ने उन्हें भागते हुए देखा और शोर मचाया, जिसके बाद लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से नकदी और जेवरात बरामद हुए। उन्होंने दो कारों से भी चोरी करने की बात कबूली। पुलिस उनके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, मेरठ। शादी समारोह में ढोल बजाने आए दो युवकों ने जयमाला के दौरान घर खाली देखा तो मकान में घुस गए। मकान के द्वतीय तल पर पहुंचकर सेफ का ताला तोड़ा और उसमें रखे 68 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसी बीच किसी काम से घर में पहुंचे दुल्हन के पिता को देखकर दोनों भागे तो उन्होंने शोर मचा दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से चुराई नकदी व जेवरात मिले गए। लोगों ने धुनाई कर दोनों को परतापुर पुलिस के हवाले कर दिया। चोरों ने शादी में आई दो कारों के शीशे तोड़कर भी दो बैग चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ढोल बजाने आए अन्य लोगों की तलाश कर बाकी चुराया सामान बरामद करने का प्रयास कर रही है।

    शताब्दीनगर सेक्टर-4C निवासी सतवीर पशु डेरी चलाते हैं। सोमवार रात उनकी बेटी क्षमा की शादी थी। घर के सामने खाली मैदान में ही मंडप और टेंट लगाया गया था। सोमवार रात करीब 12 बजे जयमाला कार्यक्रम चल रहा था। स्वजन व रिश्तेदार इसमें व्यस्त थे। इसी दौरान किसी काम से सतवीर घर गए। उन्होंने घर के द्वितयी तल पर कुछ आवाज सुनी।

    वह ऊपर पहुंचे तो देखा ढोल बजाने आए दो युवक हड़बड़ा कर नीचे आ रहे हैँ। सतवीर को देखते ही दोनों भागने लगे। सतवीर ने शोर मचा दिया। स्वजन व अन्य लोगों ने दोनों युवकों को दबोच लिया। दोनों की तलाशी ली तो उनकी जेब से 68 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, कंगन, बिछुआ, पाजेब और चांदी की अंगूठी मिली।

    इसी बीच ढोल वालों के साथ आए अन्य युवक फरार हो गए। स्वजन ने ऊपर जाकर देखा तो कमरे में रखी सेफ का ताला टूटा हुआ था। कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था। लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई की। इसी बीच कुछ लोगों ने बताया कि बाहर खड़ी दो कार के शीशे टूटे हुए है। उसमें रखे बैग भी गायब है।

    लोगों ने पकड़े गए दोनों युवकों के साथियों की तलाश की लेकिन वह फरार हो गए थे। सूचना पर थाना परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची तथा पकड़े गए दोनों युवकों को थाने ले आई। उनसे फरार हुए उनके साथियों की जानकारी की जा रही है। इंस्पेक्टर परतापुर सतवीर सिंह अत्री ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। चोरी किया बाकी सामान व उनके साथियों की जानकारी की जा रही है।