नशे की तस्करी कर कमाई गई 94 लाख की संपत्ति की सीज...वाटर प्लांट की आड़ में धंधा कर रहा था सतेंद्र
Meerut News: मेरठ में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे के सौदागर सतेंद्र कुमार की 94 लाख की अवैध संपत्ति जब्त की। सतेंद्र भांग ठेके और वाटर प्लांट की आड़ में गांजा-चरस की तस्करी करता था। वह बिहार के राजू गुप्ता के साथ मिलकर वेस्ट यूपी में नशे की खेप पहुंचाता था। अदालत के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।

नशे की तस्करी कर कमाई गई 94 लाख की संपत्ति की सीज। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, मेरठ। नशे के सौदागर सतेंद्र कुमार की अवैध तरीके से कमाई गई 94 लाख की संपत्ति को सीज कर दिया गया है। सतेंद्र विभिन्न राज्यों से चरस और गांजा की तस्करी कर मेरठ और आसपास के सभी जनपदों को सप्लाई दे रहा था। पांच साल पहले भांग ठेके की आड़ में नशे का धंधा कर रहा। उसके बाद वाटर प्लांट की आड़ में नशे की सप्लाई करने लगा है। सतेंद्र के साथ बिहार का रहने वाला राजू गुप्ता जुड़ा है। बताया गया कि दोनों ही वेस्ट यूपी के सभी जनपदों में नशे की खेप पहुंचाते है।
22 जून को कंकरखेड़ा पुलिस ने सतेंद्र कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी पावली रोड मोदीपुरम पल्लवपुरम और राजीव शर्मा निवासी पल्लवपुरम तथा राजू गुप्ता निवासी बेतिया बिहार को गिरफ्तार किया था। कंकरखेड़ा में वाटर प्लांट की आड़ में तीनों आरोपित बिहार से चरस और गांजा की तस्करी कर रहे थे। यहां से आसपास के सभी जनपदों को सप्लाई दे रहे थे। इतना ही नहीं सतेंद्र ने कालेजों के आसपास भी छात्रों को चरस की आनलाइन सप्लाई का धंधा किया हुआ था। उससे पहले भी 2020 में लालकुर्ती पुलिस की टीम ने छापा मारी कर सतेंद्र और राजू को गिरफ्तार किया था। भांग के ठेके की आड़ में दोनों गांजा और चरस का धंधा कर रहे थे। उक्त मुकदमे में जेल जाने के बाद दोनों जमानत पर बाहर आ गए थे। उसके बाद कंकरखेड़ा में फिर से नशे का धंधा शुरू कर दिया था। कंकरखेड़ा में दर्ज मुकदमे की जांच एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को दी गई। मामला न्यायाधीकरण सफीमा नई दिल्ली की अदालत में पहुंचा। अदालत के आदेश पर सतेंद्र की अवैध तरीके से कमाई संपत्ति की जांच की गई। सतेंद्र और उसके साथी एवं रिश्तेदारों के खिलाफ 93,82, 610 रुपये की 11 संपत्ति अवैध तरीके से मिली है। 18 सितंबर को न्यायाधीकरण सफीामा नई दिल्ली ने सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक एवं एनडीपीएस नई दिल्ली को संपत्ति सीज करने के आदेश दिए। तक सतेंद्र की मेरठ और अन्य शहरों की संपत्ति को सीज कर दिया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।