UP Land Acquisition: अधिग्रहण के लिए 300 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, किसान बोले- किसी कीमत पर नहीं देंगे जमीन
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा के लिए भूमि अधिग्रहण का किसान विरोध कर रहे हैं। किसानों ने पंचायत में जमीन न देने की घोषणा की और भाजपा सरकार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। त्यागी ब्राह्मण भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने सरकार से मंत्रियों की जमीन पर गलियारा बनाने की मांग की। किसानों ने योजना रद्द न होने तक धरना जारी रखने का संकल्प लिया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। औद्योगिक गलियारा के दूसरे चरण के लिए जिला प्रशासन ने खरखौदा क्षेत्र के तीन गांवों की 300 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है। प्रभावित किसानों ने अब अपनी जमीन न देने की घोषणा करते हुए साढ़े नौ महीने से गांव छतरी के मोड़ पर धरना लगा रखा है।
शुक्रवार को किसानों ने पंचायत का आयोजन किया। जिसमें त्यागी ब्राह्मण भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि किसान किसी कीमत पर जमीन पर नहीं देगा।
भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों और जवानों का उत्पीड़न किए जाने का उन्होंने आरोप लगाया तथा कहा कि यदि सरकार को औद्योगिक गलियारा बनाना है तो वह भाजपा सरकार में बैठे मंत्रियों की जमीन पर बसाएं।
गांव छतरी मोड़ पर धरनास्थल पर ही किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों की पंचायत आयोजित की गई। पंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि त्यागी ब्राह्मण भूमिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि किसान किसी भी कीमत पर जमीन नहीं देगा।
उन्होंने औद्योगिक गलियारे की योजना को निरस्त करने की मांग की। कहा कि सरकार के मंत्रियों की दिल्ली के चारो ओर जमीनें हैं। सरकार किसानों की जमीन छोड़कर मंत्रियों की जमीन में औद्योगिक गलियारा का निर्माण करे।
किसानों के बलबूते पर ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है लेकिन सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। जबरन किसानों की जमीनें ली जा रहीं हैं। जिससे किसानों में आक्रोश है। भाजपा को इसका खामियाजा आगामी चुनाव में उठाना पड़ेगा।
किसान गोली खाने को तैयार है लेकिन जमीन देने के लिए नहीं। खरखौदा नगर पंचायत के चेयरमैन मनीष त्यागी ने कहा कि किसान के पास जमीन के अलावा रोजगार का कोई दूसरा साधन नहीं है।
प्रशासन किसानों को गुमराह करके जमीन पर कब्जा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन में वे कंधा मिलाकर साथ खड़े हैं। उन्होंने किसान संघर्ष समिति को आंदोलन के लिए 51 हजार रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा भी की।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव भाटी ने भी पंचायत को संबोधित किया। कहा कि किसानों के हक की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए शौराज सिंह त्यागी ने कहा कि जब तक औद्योगिक गलियारे की योजना को सरकार निरस्त नहीं करती है, तब तक किसान संघर्ष समिति धरना जारी रखेगी।
पंचायत का संचालन इंद्रमुनि त्यागी और मामचंद नागर ने किया। इस दौरान प्रबोध शास्त्री, बृजपाल प्रधान, सोपाल सिंह, राजकुमार सिंह, मनोज भड़ाना, विनोद त्यागी, सुनील त्यागी, लीलू नागर ने पंचायत को संबोधित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।