मेरठ के बेटे समीर गुप्ता बने दुबई इस्लामिक बैंक केन्या के MD, स्वतंत्रता सेनानी जसवंत राय के हैं प्रपोत्र
Meerut News मेरठ के साकेत निवासी अशोक कुमार गुप्ता के बेटे समीर गुप्ता दुबई इस्लामिक बैंक केन्या के प्रबंधक निदेशक बने हैं। उन्होंने पदभार संभाल लिया है। समीर स्वतंत्रता सेनानी जसवंत राय के प्रपोत्र हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग में 30 वर्षों का अनुभव है। उनकी नियुक्ति से स्वजन में खुशी का माहौल है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर के साकेत निवासी जसवंत राय चूड़ामणि ट्रस्ट के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता के बेटे समीर गुप्ता दुबई इस्लामिक बैंक (DIB) केन्या के प्रबंधक निदेशक चुने गए हैं। उन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया है। शहर में जब यह मिली तो अशोक कुमार गुप्ता को अनेक लोगों ने बधाई दी। उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ खुशियां मनाईं। जसवंत राय अस्पताल में मिठाईयां बांटी गईं।
अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके दादा जसवंत राय स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अंग्रेजों से लोहा लिया। अशोक कुमार गुप्ता इंडियन टेलीकाम सर्विस में कार्यरत रहे। उनके जगह-जगह तबादले होते रहते थे। इसलिए समीर गुप्ता की पढ़ाई देश में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और खाड़ी के देश ओमान में हुई। नौकरी के बीच में एक बार छह माह के लिए मेरठ तबादला हुआ तो समीर को सेंट मेरीज एकेडमी में दाखिला दिलाया गया था। समीर की ग्रेजुएशन दिल्ली के सेंट स्टीफन कालेज से हुई है।
मध्य पूर्व एशिया और दक्षिण अफ्रीका में भी रहे हैं नियुक्त
अशोक गुप्ता ने बताया कि समीर को अंतरराष्ट्रीय बैकिंग में 30 वर्ष से अधिक का अनुभव है। वह सिटी बैंक, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, दोहा बैंक आदि में वरिष्ठ पदों पर रहे हैं। उन्हें क्लाइंट कवरेज, रिस्क मैनेजमेंट और कैपिटल मार्केटस में विशेषज्ञता हासिल है। समीर ने ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है। वह एक दशक से अधिक समय तक दक्षिण अफ्रीका में कार्यरत रहे।
शिक्षिका रेनू सिंह को मिलेगा राज्यपाल पुरस्कार
जागरण संवाददाता, मेरठ। बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों को मिलने वाले राज्यपाल पुरस्कार की सूची में भी मेरठ से एक शिक्षिका का नाम शामिल है। वर्ष 2024 के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वाले परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों में उच्च प्राथमिक विद्यालय खिर्वा जलालपुर सरूरपुर की सहायक अध्यापिका रेनू सिंह कदान का नाम भी शामिल है। कंकरखेड़ा में श्रद्धापुरी फेज-1 निवासी रेनू की शैक्षणिक योग्यता एमए एजुकेशन, एमएससी गणित और बीएड है। रेनू वर्ष 2009 से सहायक अध्यापिका हैं। रेनू कदान दिव्यांग बच्चों को स्कूल में अलग कक्षा का संचालन करती हैं, ताकि वे सहजता से पढ़ सकें। दिव्यांग बच्चों को घर जाकर भी गणित और विज्ञान पढ़ाती हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।