मायके आई विवाहित बेटी को मां ने आठ लाख लेकर अधेड़ को सौंपा, पीड़िता ने SSP मेरठ से लगाई कार्रवाई की गुहार
Meerut News मेरठ में एक युवती ने अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाया है। उसने कहा कि उसकी माँ ने उसे आठ लाख रुपये में हरियाणा के एक प्रौढ़ व्यक्ति को बेच दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां उस पर उस व्यक्ति के साथ रहने का दबाव बना रही है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मुंडाली थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि उसने एक साल पहले अपनी मर्जी से गांव के ही युवक से निकाह कर लिया था। वह उसके साथ दिल्ली में रह रही थी। कुछ दिन पहले वह मां से मिलने घर आई।
इसी दौरान मां ने हरियाणा के एक अधेड़ को घर बुलाया और उसे आठ लाख रुपये लेकर उसे सौंप दिया। वह उसे जबरन अपने घर ले गया। वहां उसका शारीरिक शोषण किया गया। किसी तरह बचकर वह अपनी बहन के घर गाजियाबाद पहुंची। मां को पता चला तो बहन के देवर के खिलाफ उसके अपहरण की रिपोर्ट थाना मुंडाली पर दर्ज करा दी। पुलिस ने देवर को हिरासत में ले लिया।
पांच दिन से उसे थाने पर बैठाकर रखा गया है। उसे फर्जी मामले में जेल भेजने की तैयारी है, जबकि उसका अपहरण नहीं हुआ है। मां उस पर हरियाणा के अधेड़ संग रहने का दबाव बना रही है। युवती ने मां व गांव के दो युवकों पर पूरी योजना बनाने व उसे बेचने की साजिश रचने का आरोप लगाया। एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ससुर-दामाद ने घर में घुसकर दंपती पर किया हमला
मेरठ। लिसाड़ी गेट के रशीदनगर निवासी एक दंपती ने पड़ोस में रहने वाले ससुर-दामाद और पांच अज्ञात पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित दंपती की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
रशीदनगर निवासी चांदनी पत्नी हैदरअली ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मुहल्ले में रहने वाले आबिद और उसका दामाद उनसे रंजिश रखता है। जिसके चलते उक्त दोनों ने रविवार रात में अपने पांच अज्ञात साथियों संग मिलकर उनके घर में घुस आए और दंपती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।