Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Meerut News: भीषण गर्मी में बिना बिजली-पानी के बिलबिलाई 25 हजार की आबादी, बार-बार केबल जलने से आपूर्ति बेपटरी

    Updated: Tue, 10 Jun 2025 03:40 PM (IST)

    मेरठ में गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग बढ़ गई है जिसके कारण माधवपुरम उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। बार-बार केबल जलने से 25 हजार लोग परेशान हैं और पानी की आपूर्ति भी ठप है। गणेशपुरी में लोगों को 24 घंटे में केवल पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पाई। अधिकारी आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास कर रहे हैं।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। गर्मी के जोर पकड़ने के साथ फाल्टों की झड़ी लग गई है। माधवपुरम बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। 25 हजार की आबादी भीषण गर्मी में बिना बिजली के हलकान हो गई। पानी आपूर्ति भी ठप है। तीन स्थानों पर तीन बार अलग अलग समय पर केबल जले। गणेशपुरी में 24 घंटे में लोगों को मुश्किल पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पाई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दो दिनों से गर्मी का प्रकोप जाेरों पर है। एसी, कूलर और पंखे चलने से मांग बढ़ गई है। बिजली की मांग बढ़ गई है। जगह - जगह फाल्ट होने से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। दोपहर में बिना बिजली के लोगों का बुरा हाल हो रहा है।

    माधवपुरम बिजली उपकेंद्र में रविवार की रात साढ़े 11 बजे तार टूट गया था। जिससे माधवपुरम, ब्रह्मपुरी, गणेशपुरी, खत्ता रोड की बिजली चली गई। तीन जगहों पर तीन बार केबलों में आग लग गई। खत्ता रोड़ पर त्यागी के ट्रांसफार्मर के पास, गणेश पुरी पर सैनी टीला, माधवपुरम सेक्टर एक मंदिर के पास केबल में बार बार आग लगने के मामले सामने आए।

    माधवपुरम उपकेंद्र से जुड़े तीन स्थानों पर बार-बार केबल जलने से बिजली आपूर्ति बेपटरी

    नई केबल लगाने के कुछ ही देर बाद जल जाती। दिन में तीन से चार उक्त स्थानों पर केबल बदली गई। बार-बार केबल में आग लगने से निवासियों के साथ मरम्मत गैंग भी परेशान हो गए। यहां तक की उपकेंद्र पर मौजूद केबल का स्टाक भी खत्म हो गया। गणेश पुरी निवासी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रविवार की रात 11 बजे बिजली चली गई थी। सुबह के समय आई और दोपहर डेढ़ बजे फिर चली गई। इन्वर्टर दोपहर में बैठ गए। छोटे - छोटे बच्चे, महिलायें और बुजुर्गों का सबसे बुरा हाल रहा। पानी न मिलने से गर्मी में बिलबिला उठे। दिन काटना मुश्किल हो गया। रात में माधवपुरम सेक्टर एक, तीन, खत्ता रोड, ब्रह्मपुरी सुनारों की धर्मशाला भगवतपुरा में भी बिजली नहीं रही।

    गणेश पुरी में 24 घंटे में पांच से छह घंटे मिल पाई बिजली

    माधवपुरम निवासी रजनीश ने बताया कि उपकेंद्र पर भी कोई बताने को तैयार नहीं था कि बिजली कब आएगी। रात आठ बजे लोग बिजली उपकेंद्र पहुंचे और हंगामा किया। उपखंड अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि एरियल बंच केबल में बार - बार आग लगने से आपूर्ति बाधित हुई है। रात में साढ़े 10 बजे जैनिस पैलेस के पास 90 मीटर लंबाई में जला हुआ केबल को बदलने का कार्य जारी था। अधिशासी अभियंता धर्मवीर सिंह ने बताया कि नई केबल भी एक डेढ़ में जलने से समस्या आई है। केबल की व्यवस्था कर आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।