Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शटल ट्रेन अब फिर लेट होने लगी है, वजह है वंदेभारत... दैनिक यात्रियों को हो रही परेशानी

    By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Fri, 28 Nov 2025 01:41 PM (IST)

    मेरठ में शटल ट्रेनें वंदे भारत ट्रेनों के कारण फिर से लेट हो रही हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से ट्रेन एक से डेढ़ घंटे की देरी से चल रही है, जिससे यात्रियों को ठंड में और भी दिक्कतें हो रही हैं। यात्री नई दिल्ली से मेरठ के लिए एक और ईएमयू ट्रेन की मांग कर रहे हैं ताकि वे समय पर घर पहुंच सकें।

    Hero Image

     शटल ट्रेन एक बार फिर लेट होने लगी है। पिछले चार दिन से ट्रेन एक से डेढ़ घंटे विलंबित हो रही है। (प्रतीकात्मक फोटो) 

    जागरण संवाददाता, मेरठ। शटल ट्रेन एक बार फिर लेट होने लगी है। पिछले चार दिन से ट्रेन एक से डेढ़ घंटे विलंबित हो रही है। रात में ठंड बढ़ने से दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुरुवार को भी ट्रेन डेढ़ घंटा विलंब से रात सवा दस बजे कैंट स्टेशन पहुंची।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेन संख्या 54411 रेवाड़ी से मेरठ कैंट के बीच संचालित होती है। दिल्ली, गाजियाबाद जैसी जगहों में काम करने वाले लोगों और व्यापार के सिलसिले में प्रतिदिन आने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन सबसे उपयुक्त है। यह ट्रेन रेवाड़ी से शाम 3:05, नई दिल्ली से शाम 6:14 और गाजियाबाद से रात 7:13 बजे चलकर मेरठ सिटी स्टेशन रात 8:23 और मेरठ कैंट रात पौने नौ बजे पहुंचती है। दैनिक यात्री तरुण मेहता और बिजेंद्र पाल ने बताया कि ट्रेन रेवाड़ी से ही विलंब से चल रही है, इसके बाद नई दिल्ली स्टेशन के आउटर पर इसे रोक दिया जाता है। उस समय वंदेभारत और अन्य ट्रेनों को रवाना करने के लिए इसे रोका जाता है। जिससे ट्रेन रात 10 बजे के बाद मेरठ पहुंच रही है।

    यात्री दीपक और अंकुर त्यागी ने बताया कि जिन्हें कस्बा क्षेत्र या गांव में जाना होता है, उनके लिए परेशानी बढ़ जाती है। अक्सर साधन नहीं मिलते। दैनिक यात्रियों ने शाम सवा छह या साढ़े छह बजे नई दिल्ली से मेरठ के लिए ईएमयू ट्रेन की मांग की है, जिससे वह सही समय पर घर पहुंच सकें। इसी तरह सुबह के समय शटल मेरठ से पौने सात बजे रवाना होती है, दैनिक यात्रियों से सवा सात बजे मेरठ से नई दिल्ली के लिए ट्रेन दिए जाने की मांग रेल मंत्री से की है। सांसद अरुण गोविल से इसके लिए पहल करने की मांग की है।