राजदार प्रेमी के शादी से इन्कार पर महिला ने स्वयं रच दी अपने लाल के अपहरण की पटकथा...यूं हुआ राजफाश
मेरठ के सरधना में एक महिला ने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर अपने ही बेटे के अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। पुलिस ने बच्चे को गाजियाबाद से बरामद कर लिया है। महिला ने पहले प्रेमी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था और बाद में पंचायत में थप्पड़ भी मारे थे। उसने 'सावधान इंडिया' देखकर अपहरण की योजना बनाई थी। पुलिस ने महिला और उसके किरायेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

मेरठ के सरधना में एक महिला ने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर अपने ही बेटे के अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को दस वर्ष का बच्चा लापता हो गया। बच्चे की मां ने अपने प्रेमी और उसके चार साथियों पर अपहरण का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और देर रात बच्चे को गाजियाबाद से बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि बीते शनिवार को भरी पंचायत में युवक ने शादी से इन्कार कर दिया था। जिस पर महिला के स्वजन ने उसकी पिटाई की थी। वहीं महिला ने भी युवक की पिटाई की थी, क्योंकि प्रेमी महिला का राजदार था। ऐसे में महिला ने मारपीट का बदला और राजदार होने के बाद भी शादी न करने पर अपहरण का आरोप लगा दिया।
गांव निवासी महिला की शादी गढ़ रोड निवासी युवक से हुई थी, किंतु समय बाद विवाद होने पर महिला अपनी दो लड़की व एक दस साल के बेटे के साथ गांव में आकर रहने लग गई थी। गुरुवार सुबह उसका बेटा कुत्ता टहलाकर घर से नहाने के बाद बाहर गया था। तभी से वह लापता हो गया था। उधर, सूचना पर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई थी। जांच में सामने आया था कि जिस समय बच्चा लापता हुआ, उस समय महिला के घर के सीसीटीवी लगभग डेढ़ घंटे के लिए बंद हुए थे। जिस पर सीओ आशुतोष कुमार नानू पुलिस चौकी पहुंच गए थे और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
वहीं, रात के समय एसपी क्राइम ने नानू चौकी पहुंचकर महिला से जानकारी ली और टीम बनाकर सरूरपुर प्रभारी निरीक्षक अजय शुक्ला को भी बच्चे की तलाश में लगाया। सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार जब सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने बताया कि गांव निवासी युवक से उसका प्रेम प्रसंग था और उसका राजदार बन गया था। इसलिए वह उससे शादी करना चाहती थी। किंतु युवक ने मना कर दिया था। पहले सबक सिखाने के लिए दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजा था। इसके बाद उसे बाहर निकलवाया। बीते शनिवार को गांव में पंचायत हुई थी।
जब महिला ने फिर से शादी करने की बात की तो युवक ने इन्कार कर दिया। जिसके बाद उसके स्वजन ने ही महिला को पीटा था। इसके बाद महिला ने भरी पंचायत में प्रेमी के थप्पड़ मारे थे। इसी बात का बदला लेने के लिए अपने बच्चे की अपहरण की झूठी कहानी रच दी और योजनाबृद्ध तरीके से अपने बच्चे को गाजियाबाद में किरायेदार के पास भेज दिया था कि घर में विवाद चल रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने महिला और किराएदार को गिरफ्तार कर लिया है।
आठवीं पास महिला ने सावधान इंडिया व क्राइम पेट्रोल देखकर बनाई पूरी योजना
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपित महिला को आठवीं पास बताया गया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित महिला ने सावधान इंडिया और क्राइम पेट्रोल के कई एपिसोड देखे। इसके बाद उसने हर धारावाहिक की एक कड़ी को सिलसिलेवार जोड़कर योजना तैयार की थी।
तीन से चार घंटे गांव व उसके आसपास सचा सर्चिंग अभियान
बच्चे की तलाश में गुरुवार शाम से पुलिस ने तीन से चार घंटे सर्चिंग अभियान चलाया। इसके साथ ही घर में बेड से लेकर छत तक खंगाल दी थी। जब पुलिस को कुछ नहीं मिला। इस पर देर रात पुलिस ने सख्ती के साथ पूछताछ शुरू कर दी। जिसके बाद आरोपित महिला ने सिलसिलेवार सब कुछ बता दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।