Muzaffarnagar: इस कालोनी में पहले आ रहा था गंदा पानी, रात आ गए बदमाश, टूट गया महिलाओं के सब्र का बांध और...
Muzaffarnagar News मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की पंडित दीन दयाल उपाध्याय आवासीय कालोनी में समस्याओं का अंबार है। गंदा पानी असुरक्षा और अन्य परेशानियों से परेशान महिलाओं ने प्राधिकरण कार्यालय में हंगामा किया। महिलाओं ने बताया कि कालोनी में बदमाश घुस आए थे। कालोनी में सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं जिससे निवासियों में डर का माहौल है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित पंडित दीन दयाल उपाध्याय आवासीय कालोनी में समस्याओं की भरमार है। पहले कालोनी में गंदा पानी आ रहा था। मंगलवार रात बदमाश घुस आए इसको लेकर महिलाओं का पारा चढ़ गया। महिलाओं में एकत्र होकर विकास प्राधिकरण के कार्यालय में हंगामा कर अधिकारियों को अपनी समस्या बताई।
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2020 में मेरठ रोड स्थित 224 आवास की पंडित दीन दयाल उपाध्याय कालोनी विकसित की गई थी। वर्तमान में कालोनी में लगभग 150 से अधिक परिवार निवास कर रहे हैं।
बुधवार को प्राधिकरण के कार्यालय पहुंची महिलाओं ने बताया कि कालोनी में पिछले छह माह से पेयजल समस्या बनी है। पेयजल की पाइपलाइन से दूषित जल आ रहा है और छत भी टपक रही है। सफाई को लेकर भी समस्या बनी है।
महिलाओं ने बताया कि मंगलवार रात 1:00 बजे कालोनी में 8 से 10 बदमाश घुस आए और आवास के मुख्य दरवाजे को पीट कर खुलवाने की चेतावनी दी। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। समस्याओं को लेकर बुधवार सुबह विकास प्राधिकरण में पहुंचकर महिलाओं ने हंगामा किया।
बताया कि कालोनी में मुख्य द्वार ही नहीं है। सुरक्षा के अन्य मानक भी पूरे नहीं है। इससे उन्हें खतरा है। महिला एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना से मिलने की जिद को लेकर धरना देकर बैठ गईं।
गैस सिलेंडर में आग लगी, महिला झुलसी
मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के गांव शेखपुरा स्थित सरकारी विद्यालय की रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। रसोई माता मामूली रूप से झुलसी। सिलेंडर में आग लगने से अफरातफरी मची।
घटना मंगलवार को गांव शेखपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय की है। रसोई माता ने रसोई गैस सिलेंडर के जरिए बच्चों का खाना बनाया था। इसके बाद रसोई माता ने खाना बनाने और बच्चों को खिलाने के बाद रसोई गैस सिलेंडर व चूल्हे को रसोईघर में रख दिया था।
इस दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में रसोई माता ऊषा का पैर झुलस गया। सिलेंडर में आग लगने से अफरातफरी मची। शिक्षिकाओं ने आनन-फानन में बच्चों को स्कूल से बाहर निकाला। ग्राम प्रधान रविदत्त को जानकारी दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने मशक्कत कर सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। आग लगने से रसोई में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रधानाचार्या रेखा चौधरी ने बताया कि सिलेंडर में अचानक आग लगी। तुरंत सिलेंडर में लगी आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि कोई जानमाल को नुकसान नहीं हुआ। रसोई में रखे प्लास्टिक के डिब्बे जले है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।