दुनियाभर में जाएगा सर्वखाप पंचायत का संदेश और सदियों तक गूंजेगा : नरेश टिकैत
मुजफ्फरनगर के सोरम में बालियान खाप के चौधरी और भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि समाज में कुरीतियां बढ़ रही हैं। यह गलत है। समाज में सुधार होना चाहिए। सोरम की धरती से सर्वखाप पंचायत का संदेश दुनियाभर में जाएगा और सदियों तक इसकी गूंज रहेगी। यहां जो फैसले लिए जाएंगे, उन्हें सरकार के सामने रखेंगे, ताकि इन्हें लागू किया जा सके।

मुजफ्फरनगर के गांव सोरम में सर्वखाप पंचायत में मंचासीन जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत व अन्य। जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर : सोरम में बालियान खाप के चौधरी और भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि समाज में कुरीतियां बढ़ रही हैं। रिश्ते दो-चार महीना में टूट जाते हैं। मां-बाप लाखों रुपये खर्च कर शादी करते हैं और युवा अलग-अलग राह पर चल पड़ते हैं। यह गलत है। शराब और बाइक की तेज रफ्तार युवाओं के लिए खतरनाक है।
उन्होंने कहा कि लिव इन हमारी परंपरा या सभ्यता नहीं है। इस पर निर्णय लेने का समय आ गया है। खाप चौधरियों पर बहुत जिम्मेदारी है। कई बार दबाव भी महसूस करते हैं। समाज में सुधार होना चाहिए। सोरम की धरती से सर्वखाप पंचायत का संदेश दुनियाभर में जाएगा और सदियों तक इसकी गूंज रहेगी। यहां जो फैसले लिए जाएंगे, उन्हें सरकार के सामने रखेंगे, ताकि इन्हें लागू किया जा सके।
खाप चौधरियों के फैसलों का समर्थन : अग्रवाल
व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि खाप चौधरियों द्वारा दिए गए फैसले समाज सुधार का कार्य करते हैं। उनका समर्थन किया जाएगा। लिव इन और समलैंगिकता समाज के लिए सही नहीं है।
संयुक्त परिवार समाज की आधारशिला : बालियान
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि समाज का ताना-बाना कुरीतियों से हिला है। समाज उत्थान के लिए सभी को आगे आना होगा। खाप चौधरियों की जिम्मेदारी बहुत हैं। पहले दिन के प्रस्ताव पर सहमत है। संयुक्त परिवार समाज की आधारशिला है। सर्वखाप पंचायत की बात पूरे देश में जाती है और इसका असर भी होता है। जब उनके भाई जितेंद्र की शादी हुई तो केवल 11 बाराती गए थे। शादी की फिजूलखर्ची पर पाबंदी लगनी चाहिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।