नोएडा में दूर होगी ईवी चार्ज करने की दिक्कत, इस कंपनी के पेट्रोल पंपों पर मिलेगी चार्जिंग की सुविधा
गौतमबुद्ध नगर में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग अब आसान होगी। इंडियन ऑयल अपने फ्यूल स्टेशनों पर ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है। पहले चरण में कंपनी द्वारा संचालित स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू होगी। जिले में 46 हजार से अधिक ईवी पंजीकृत हैं। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से ईवी को अपनाने वालों की संख्या बढ़ेगी जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। ए श्रेणी के स्टेशनों पर भी सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की परेशानी का जल्द ही समाधान होगा। इंडियन ऑयल अपने फ्यूल स्टेशन पर ईवी चार्जिंग का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहा है।
पहले चरण में ईवी चार्जिंग स्टेशन उन फ्यूल स्टेशन पर बनाए जा रहे हैं, जो इंडियन ऑयल की ओर से संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा ए कैटेगिरी के फ्यूल स्टेशन पर भी ईवी चार्जिंग की सुविधा विकसित हो रही है। इसका फायदा निजी वाहनों के अलावा कामर्शियल वाहनों के चालकों को मिलेगा।
गौतमबुद्ध नगर में 46 हजार से अधिक ईवी वाहन पंजीकृत हो चुके हैं। कामर्शियल ईवी की संख्या 25014 है। ईवी चार्जिंग का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत न होने के कारण ईवी वाहनों का संचालन चुनौती बना हुआ है, लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की यह कमी दूर करने के लिए तेजी से प्रयास हो रहे हैं।
इंडियन आयल के एक अधिकारी के अनुसार फ्यूल स्टेशन पर ईवी चार्जिंग प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की तरह कंपनी के फ्यूल स्टेशन पर ईवी चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी।
कंपनी संचालित पेट्रोल पंपों पर में होंगे ईवी चार्जिंग प्वाइंट
ईवी चार्जिंग की सुविधा शुरुआत में केवल उन फ्यूल स्टेशन पर होग, जिनका संचालन कंपनी की ओर से किया जा रहा है। कुछ पर यह सुविधा शुरू हो गई है।
इसके साथ ही डीलर के माध्यम से संचालित ए कैटेगिरी के फ्यूल स्टेशन पर भी ईवी चार्जिंग का इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
इंफ्रा मजबूत होने से बढ़ेगी ईवी की संख्या
जिले में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से ईवी को अपनाने वालों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। हालांकि जिले में 2024 में 12850 ईवी का पंजीकरण हुआ था, इस वर्ष अभी तक 11741 ईवी का पंजीकरण हो चुका है।
साल समाप्त होने तक यह संख्या पिछले साल पंजीकृत हुए ईवी वाहनों को पीछे छोड़ सकती है। ईवी में बढ़ोतरी का सीधा फायदा प्रदूषण को कम करने में मिलेगा।
जिले में ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। इंडियन आयल के फ्यूल स्टेशन पर चार्जिंग प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। अभी कंपनी संचालित व ए कैटेगिरी के फ्यूल स्टेशन पर ईवी चार्जिंग की सुविधा विकसित की जा रही है।
- यूपी पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव धर्मवीर चौधरी
यह भी पढ़ें- नोएडा में एक शादीशुदा महिला का जबरन मतांतरण कराया, वर्षों से पति से रह रही थी अलग; तीन गिरफ्तार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।