प्रतापगढ़ में बड़ी घटना, गला रेतकर किसान की हत्या कर फेंका शव, घटनास्थल पर खून के निशान व चप्पल मिली, बेटे पर शक की सुई
प्रतापगढ़ के जगेसरगंज में किसान शिव शंकर शुक्ल की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव खेत से दूर जंगल में मिला। पुलिस को मृतक के छोटे बेटे शिवम पर संपत्ति विवाद के चलते हत्या का शक है। घटनास्थल पर खून के निशान और चप्पल मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

प्रतापगढ़ के जगेशरगंज में खेत की रखवाली कर रहे किसान का जंगल में शव मिलने के बाद जुटी भीड़ व जांच करती पुलिस। जागरण
संसू, जागरण, जगेशरगंज। खेत से निकले किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। लाश रविवार दोपहर बाद खेत से करीब 200 मीटर दूर मिली, तब परिवार और गांव के लोगों को घटना की जानकारी हुई। इस वारदात में उनके छोटे बेटे पर संपत्ति के विवाद में घटना को अंजाम देने की आशंका है। पुलिस इसी बिंदु पर मुख्य रूप से जांच कर रही है।
खेत में बने छप्पर में सोते थे
घोरहा अंतू के 50 वर्षीय किसान शिव शंकर शुक्ल उर्फ मुन्नू रात में अपने ही खेत में बनाए गए छप्पर में सोते थे। शनिवार रात भी वह वहीं पर थे। रात करीब आठ बजे उनकी पत्नी खाना खाकर आई तो वह नहीं मिले। बिना बताए कहीं चले गए थे। सुबह उनकी लाश मिली। हत्या की बात फैलते ही भीड़ लग गई। पत्नी पहुंची तो शव देख चीख पड़ी।
छोटे बेटे शिवम की भूमिका संदिग्ध
उनकी हत्या किसने और क्यों कर दी, जब इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू की तो क्लू मिला कि उनके छोटे बेटे शिवम् की भूमिका संदिग्ध हो सकती है। घटनास्थल पर खून के निशान और चप्पल मिला। शव के पास से खाली सिरिंंज भी पाई गई। पुलिस ने शव को देर शाम पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। किसान की पत्नी रंजना शुक्ला की तहरीर पर जांच शुरू कर दी।
घरेलू विवाद आदि पहलू पर पुलिस कर रही जांच
शिवशंकर के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा राहुल दिल्ली में रहता है। छोटा बेटा शिवम घर पर ही रहता है। शनिवार दोपहर तक शिवशंकर के साथ गांव के ही एक युवक को लगातार देखा गया था। उसके बाद उनकी लाश मिली। पुलिस ने दो को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए उठाया है। अंतू थानाध्यक्ष आनंदपाल का कहना है कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घरेलू विवाद समेत कई पहलू पर जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।