Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    13 वोट पाने पर भी कांग्रेस ने सरदार पटेल को नहीं बनने दिया पीएम: मयंकेश्वर

    Updated: Sat, 25 Oct 2025 07:10 AM (IST)

    राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया, जबकि उन्हें 13 वोट मिले थे। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जन्मतिथि पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पदयात्रा, निबंध प्रतियोगिता और संगोष्ठी शामिल हैं। उन्होंने विपक्ष पर भारत के विकास को लेकर नकारात्मक दृष्टिकोण रखने का आरोप लगाया।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। प्रदेश के संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस कार्य समिति के 14 सदस्यों के बीच कराई गई वोटिंग में 13 मत पाने वाले सरदार पटेल को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शून्य वोट पाने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री बन गए थे। उसी कांग्रेस के राहुल गांधी आज वोट चोरी की बात कर रहे हैं। आजाद भारत में 450 से अधिक रियासतों का विलय हुआ। यदि सरदार पटेल प्रधानमंत्री होते तो जम्मू कश्मीर का भी विलय हो चुका होता। राज्यमंत्री शुक्रवार को अफीम कोठी के सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

    राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने बताया कि आज भारत विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जन्मतिथि पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में तीन दिन तक आठ से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा होगी।

    राज्यमंत्री ने बताया कि पदयात्रा से पहले स्थानीय लोगों में माहौल बनाया जाएगा। स्कूल कालेजों में कई गतिविधियां आयोजित होगी। निबंध प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन कराया जाएगा। इस दौरान हेल्थ शिविरों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलेगा।

    पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत की शपथ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम होने के साथ प्रमाण-पत्र का वितरण भी किया जाएगा। 26 नवंबर से छह दिसंबर तक राष्ट्रीय पदयात्रा 152 किलोमीटर की आयोजित होगी। यह पटेल के जन्म स्थान से स्टैचू आफ यूनिटी तक निकाली जाएगी।

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव व कांग्रेस के राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि यह दोनों कहते हैं कि भारत कभी विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है।

    इस मौके पर सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, जिला प्रभारी कौशलेंद्र पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, राजेश सिंह व राघवेंद्र शुक्ला के साथ माय भारत के उपनिदेशक समर बहादुर सिंह भी मौजूद रहे।