Diwali 2025 : प्रयागराज में चौतरफा जाम, कल से इन प्रमुख बाजार में रहेगा यातायात प्रतिबंध, कार व ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे
दीवाली के त्योहार से पहले प्रयागराज शहर में जाम की स्थिति बनी हुई है, खासकर सिविल लाइंस, चौक और कटरा के रास्तों पर। बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ और ई-रिक्शा के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। धनतेरस से दीपावली तक चौक और कटरा में ई-रिक्शा और कारों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और बैरिकेडिंग की गई है।

प्रयागराज में शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित सरदार पटेल मार्ग पर जाम में फंसे वाहन चालक व राहगीर। जागरण
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। छह दिवसीय दीवाली पर्व से पहले ही शहर की सड़कों और बाजार में ऐसी भीड़ उमड़ी कि जगह-जगह जाम लग गया। धनतेरस के एक दिन पहले यानी शुक्रवार को जाम के झाम में शहर जकड़ गया, जिससे लोगों के पसीने छूट गए।
सिविल लाइंस, चौक व कटरा जाने वाले मार्ग पर जाम
शुक्रवार दोपहर से जाम लगना शुरू हुआ तो रात आठ बजे तक जारी रहा। सिविल लाइंस, चौक व कटरा जाने वाले मार्गों पर ऐसा भीषण जाम लगा कि स्थानीय थाने की पुलिस के साथ ही यातायात पुलिसकर्मी हांफ गए। हालत ऐसी रही कि खुद यातायात निरीक्षकों को सड़क पर उतरना पड़ा, तब जाकर जाम से धीरे-धीरे लोगों को राहत मिली।
दो पहिया वाहनों के साथ कार से परेशानी
त्योहारी सीजन होने के चलते लोग बाजारों में खरीदारी को पहुंच रहे हैं। दोपहिया के साथ ही कार से लोग पहुंचे तो जाम लगने लगा। ई-रिक्शा की बड़ी संख्या ने भी भीषण जाम लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सिविल लाइंस स्थित एमजी मार्ग व एसपी मार्ग की तरफ जाने वाली सभी सड़कों पर वाहनों की कतार लगी रही। सैकड़ों वाहन इसमें फंसे रहे।
चौक जाने वाले मार्गाें पर सबसे अधिक जाम
उधर, कटरा बाजार की तरफ जाने वाले मार्गों की भी यही हालत रही। सबसे खराब स्थिति चौक जाने वाले मार्गों की रही। बिजली घर चौराहे से जानसेनगंज, सुलाकी चौराहे से लोकनाथ, जानसेनगंज चौराहे से घंटाघर, हीवेट रोड से चौक, जीरो रोड, नखासकोहना, मानसरोवर चौराहा समेत कई जगह वाहनों की कतार लगी रही।
कल से बाजारों में ई-रिक्शा व कार पर प्रतिबंध
धनतेरस से दीपावली तक चौक व कटरा बाजार में ई-रिक्शा व कार का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार सिविल लाइंस व धूमनगंज में धनतेरस पर ई-रिक्शा व कार का आवागमन नहीं होगा। इसे लेकर जगह-जगह बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके लिए 148 यातायातकर्मी तैनात किए गए हैं। इसमें यातायात निरीक्षकों के साथ ही 55 टीएसआइ भी रहेंगे।
चौक व कटरा में ई-रिक्शा व कार पर प्रतिबंध
चौक व कटरा क्षेत्र में 18 से 20 अक्टूबर तक ई-रिक्शा व कार के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सिविल लाइंस व धूमनगंज क्षेत्र में 18 अक्टूबर को ही ई-रिक्शा व कार के आवागमन को रोक रहेगी। हालांकि, भीड़ देखते हुए यहां 19 व 20 को भी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
कहां-कहां होगी बैरीकेडिंग
चौक जाने वाले क्षेत्र में
-जानसेनगंज चौराहा।
-नखासकोहना चौराहा।
-सुलाकी चौराहा चौराहा।
-अग्रसेन चौराहा।
कटरा जाने वाले क्षेत्र में
-मनमोहन पार्क चौराहा।
-लक्ष्मी टाकिज चौराहा।
-इलाहाबाद विश्वविद्यालय मार्ग चौराहा।
-कचहरी डाकघर के पास।
सिविल लाइंस जाने वाले मार्ग में
-विवेकानंद चौराहे के पास।
-रोडवेज बस अड्डे के पास।
-हाटस्टप चौराहे के पास।
-पत्थर गिरजाघर के पास।
-खरबंदा मार्केट के पास।
धूमनगंज क्षेत्र
-कंहईपुर मोड़ से महिला ग्राम तक।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले प्रयागराज के बस अड्डे व रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़, ट्रेनों व बसोंं में खड़े होकर करनी पड़ रही यात्रा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।