उमा भारती का प्रयागराज में एलान, गंगा अभियान के तहत पांच हजार लोगों के साथ संगम में लगाएंगी डुबकी
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए फिर सक्रिय हैं। प्रयागराज में उन्होंने कहा कि गंगा जन भागीदारी और तपस्वियों के प्रयास से बहेगी। वह संगम तट पर पांच हजार लोगों के साथ सामूहिक डुबकी लगाएंगी और लोगों को नदी को अविरल बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाएंगी। उमा भारती ने गो-संरक्षण पर भी जोर दिया और कहा कि गाय-गंगा सुरक्षित नहीं तो राम का काम पूरा नहीं होगा।

प्रयागराज के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता को संबोधित करतीं पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती। जागरण
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगा की अविरलता और निर्मलता के अभियान को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री व मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री फिर एक बार सक्रिय हो गई हैं। उनका आगमन सोमवार को इसी संदर्भ में प्रयागराज में हुआ।
संगम में जन भागीदारी को सामूहिक डुबकी लगाएंगी
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उमा भारतीय ने कहा कि गंगा जन भागीदारी और तपस्वियों के प्रयास से बहेगी। इस जन भागीदारी के लिए वह मंगलवार जो संगम तट पर करीब पांच हजार लोगों के साथ सामूहिक रूप से डुबकी लगाएंगी।
गो-संरक्षण की दिशा में तेज करने होंगे प्रयास
उन्होंने बताया कि इस दौरान वे लोगों को संकल्प दिलाएगी कि जहां रहें, जैसे रहें नदी को अविरल बनाने में योगदान दें। यह एक दिन का नहीं निरंतर चलने वाला कार्य है। इस अभियान के साथ गो-संरक्षण की दिशा में भी प्रयास तेज करने होंगे।
गाय-गंगा सुरक्षित नहीं तो राम का नहीं पूरा होगा काम
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि अयोध्या में मात्र राम मंदिर बनाने से राम का काम नहीं पूरा होगा। जब तक गाय और गंगा सुरक्षित नहीं होगी, तब तक राम का काम नहीं पूरा होगा। इसके लिए हम सबको संकल्प लेना होगा, सक्रिय होने पड़ेगा।
सांसद विकास निधि होनी ही नहीं चाहिए
उमा भारती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार चुनाव पर पप्पू, टप्पू और अप्पू वाले बयान का समर्थन किया। कहा, मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकती लेकिन योगीजी छोटे भाई हैं जो कहा है वह ठीक कहा है। बिहार में एनडीए पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है। हापुड़ सीट से लोकसभा सदस्य व रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल के सांसद निधि पांच करोड़ से बढ़ाकर 25 करोड़ किए जाने पर कहा, सांसद विकास निधि होनी ही नहीं चाहिए।
सांसदों को जिला मंडल योजना का अध्यक्ष बना देना चाहिए
पहले जिला मंडल योजना का अध्यक्ष सांसद होता था। उस समय जिले में योजनाओं के लिए जो बजट आता था उसमें प्राथमिकता तय होती थी वह बेहतर प्रयोग था। सांसदों को जिला मंडल योजना का अध्यक्ष बना देना चाहिए। इस व्यवस्था में विधायक भी क्षेत्र की योजनाओं का प्रस्ताव रखते थे। आजम खान के बयान बिहार में जंगल राज है, वहां जाने के लिए मेरे पास सुरक्षा की व्यवस्था नहीं पर कोई प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।
संत को सब बोलने का अधिकार है
तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य के बयान पर कि हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ रहा है के संदर्भ में कहा, संत को सब बोलने का अधिकार है। मैं उनके बयान पर टिप्पणी नहीं कर सकती। भाजपा नेता ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व चैंपियन बनने पर बधाई भी दी। 2029 में चुनाव लड़ने की मंशा पर पूछे गए प्रश्न का सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया, यह जरूर कहा कि यह बात उनके मुंह से अचानक निकल गई, अब कुछ नहीं कहेंगी। इस मौके पर महापौर गणेश केसरवानी, योगेश शुक्ल, विक्रम सिंह पटेल, राजेश केसरवानी आदि मौजूद रहे।
गोदान के बाद गोवंशों को लावारिस छोड़ने पर नाराजगी जताई
उमा भारती ने धार्मिक स्थलों पर गोदान के बाद गो वंशों को लावारिस छोड़ने पर नाराजगी जताई है। स्थानीय प्रशासन को कदम उठाए जाने की नसीहत दी। कहा, अगर लोग गो वंश के संरक्षण को लेकर सचेत हो जाएं तो समस्या का हल हो जाए। यह भी कहा कि बलपूर्वक गोवंश को पकड़कर गोदान कराना ठीक नहीं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, गाय और गंगा आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का साक्षात दर्शन कराती हैं। जबतक हम गाय को आर्थिक तंत्र से नहीं जोड़ेंगे तब तक भला नहीं होगा। प्रत्येक किसान को एक गाय देने की योजना बनाई जानी चाहिए। 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के गंगा मंत्रालय बनाए जाने के लिए कहा, वह स्वयं इस दिशा में कार्य कर रही थीं कोरोना महामारी के कारण काम प्रभावित हुआ। बार बार अलग अलग राज्यों में चुनाव से भी यह प्रभावित हो रहा है। वन नेशन वन इलेक्शन नितांत आवश्यक है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।