UP Flood: यूपी के इस जिले में गांव की ओर बढ़ रहा गंगा का पानी, ग्रामीणों की उड़ी नींद
रायबरेली में गंगा नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ रहा है जिससे बाढ़ का ख़तरा बढ़ गया है। कटरी क्षेत्र में कटाव हो रहा है और कई गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। किसानों की फसलें डूब गई हैं और उन्हें नुकसान हो रहा है। प्रशासन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और पशुओं का टीकाकरण करा रहा है।

संवाद सूत्र, डलमऊ (रायबरेली)। गंगा के जलस्तर में दोबारा तेजी के साथ बढ़ोत्तरी दर्ज हो रही है। गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बाढ़ प्रभावित गांव की ओर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ गंगा के तेज बहाव से कटरी क्षेत्र में कटान होने लगा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार को शाम पांच बजे गंगा का जलस्तर 98.740 सेंटीमीटर था, जो मंगलवार शाम पांच बजे गंगा का जलस्तर 98.900 सेंटीमीटर पर पहुंच गया है।
गंगा का जलस्तर तेजी के साथ खतरे के निशान 99.360 सेंटीमीटर की ओर बढ़ रहा है। चक मलिक भीटी, मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद, आंबा, पूरे बबुरा, पूरे डंगरी, पूरे नया, खपराताल, पूरे रेवती, लुक चांदपुर, कल्याणपुर बेती समेत करीब 12 से अधिक गांव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के तहत आते है।
बीते दिनों गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से गंगा कटरी क्षेत्र की सैकड़ों बीघा सब्जी की फसल, पशुओं का चारा समेत अन्य फसल जल मग्न हों गईं थी, जब जलस्तर घटा तो किसानों ने राहत की सांस ली, लेकिन दोबारा तेजी के साथ जलस्तर बढ़ने से किसानों की समस्याएं बढ़ गई हैं।
गंगा का पानी बाढ़ प्रभावित गांव की ओर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा में बाढ़ आने के बाद प्रत्येक वर्ष किसानों की फसलें पानी के बहाव में बह जाती हैं। किसान रोशनलाल, प्रिंसू, रामराज, कमलेश कुमार, महेंद्र कुमार, शिवकरन मेवा का कहना है कि गंगा के जलस्तर बढ़ने से हर साल नुकसान होता है, लेकिन प्रशासन द्वारा मुआवजा नहीं दिया जाता है।
एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जलस्तर बढ़ रहा है, लेकिन बाढ़ जैसे हालात नहीं हैं। राजस्व टीम गांव में नजर बनाए हुए हैं और पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।