Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आजम खां से मिलकर बोले स्वामी प्रसाद मौर्य, '2027 का चुनाव यूपी बचाओ भाजपा हटाओ के नाम पर'

    Updated: Sun, 12 Oct 2025 02:35 PM (IST)

    समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां से स्वामी प्रसाद मौर्य ने जेल से रिहा होने के बाद मुलाकात की। मौर्य ने भाजपा पर 'अत्याचार' करने का आरोप लगाया और 2027 का चुनाव 'यूपी बचाओ, भाजपा हटाओ' के नारे के साथ लड़ने की बात कही। उन्होंने भाजपा पर धार्मिक राजनीति, अपराध और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने किसानों की समस्याओं और स्कूलों को बंद करने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।

    Hero Image

    आजम खां से मिलने के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्या।

    जागरण संवाददाता, रामपुर। 23 माह बाद जेल से जमानत पर रिहा हुआ सपा नेता आजम खां से शनिवार को राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी मुलाकात की। वह अपराह्न करीब एक बजे आजम खां के घर पहुंचे। आजम खां, उनके बेटे अदीब और अब्दुल्ला ने उनका स्वागत सत्कार किया। करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री ने मीडिया से बातचीत में आजम पर हुए जुल्म के लिए भाजपा को निशाना बनाया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

     

    पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आजम खां के घर पहुंचकर की मुलाकात

     

    स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि 2027 का चुनाव यूपी बचाओ भाजपा हटाओ के नाम पर होगा। लोगों ने भूल से या चूक से भाजपा को वोट दिया, जिसका खामियाजा आज पूरे देश को उठाना पड़ रहा है। भाजपा धर्म के आधार पर हिंदू मुस्लिम कार्ड खेलकर मंदिर मस्जिद के नाम पर मुस्लिम समाज के ऊपर आज तरह-तरह के आरोप लगा रही है। उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज रही है। कहीं मदरसे बंद किए जा रहे हैं तो कहीं मदरसों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। कहीं मस्जिदें तोड़ी जा रही हैं तो कहीं मजार तोड़े जा रहे हैं।

    मौर्या ने कहा, कि हम समझते हैं कि भारतीय संविधान जब सभी धर्म व संप्रदाय को बराबर का दर्जा देता है तो फिर हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसी सभी भारतीय हैं और आपस में भाई-भाई हैं। इस भाईचारे को तार-तार करने का काम भाजपा कर रही है। लोकतंत्र में ऐसा कभी नहीं हुआ, जैसा घटिया काम भाजपा करने पर उतारु है।

     

    भाजपा पर लगाया हिंदू मुस्लिम कार्ड खेलने का आरोप


    प्रदेश सरकार की जीरो टालरेंस नीति पर बोले, मुख्यमंत्री रटे हुए तोते की तरह जीरो टालरेंस जीरो टालरेंस की बात करते हैं। पूरे देश में उत्तर प्रदेश में अपराध सबसे ज्यादा बढ़े हैं। हत्या के मामले में, अपहरण के मामले, महिला हत्या के मामले, दलित हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर है। जिस तरह से भाजपा ने इस देश के करोड़ों नौजवानों को बेरोजगार बनाया। बेइंतहा गरीबी बढ़ी।

    महंगाई चरम पर है। किसानों को लाभकारी मूल्य का वादा करने के बावजूद आज तक नहीं दिया गया। किसान की एक ही मांग है कि उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया जाए, वह भी आज तक नहीं किया। यहां तक कि जिस स्कूलों में गरीब पढ़ते हैं, ऐसे 27764 स्कूल बंदी के कगार पर थे। अपनी जनता पार्टी ने कड़ा विरोध किया, जिस पर योगी सरकार बैकफुट पर आई और स्कूल न बंद करने का वादा किया। बावजूद इसके कई स्कूलों को बंद कर दिया गया। उन्होंने बरेली के बवाल के लिए भी भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।