'बैरक की टूटी खिड़कियाें से आ रही सर्द हवा में कट रही आजम खान की रातें', सपा ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
रामपुर में सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि जेल में आजम खां को टूटी खिड़कियों वाली बैरक में रखा गया है, जिससे उनकी तबीयत खराब हो रही है। उन्होंने जेल प्रशासन पर दुर्व्यवहार और सुविधाएं न देने का आरोप लगाया। सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

रामपुर में सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने की प्रेस वार्ता।
जागरण संवाददाता, रामपुर। दो पैन कार्ड के मामले में जेल में सात वर्ष की कैद काट रहे आजम खां को जिस बैरक में रखा गया है उसकी खिड़कियां टूटी हैं। रात भर सर्द हवाएं आती हैं। इससे उनकी तबीयत खराब हो गई है। ये आरोप सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने प्रेसवार्ता में लगाए। साथ ही जिला व जेल प्रशासन से सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की।
सपा जिलाध्यक्ष ने प्रेसवार्ता कर लगाया आराेप
बुधवार को सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल के मोहल्ला राजद्वारा स्थित आवास पर मौजूदा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से कहा कि जेल के अंदर आजम खां पर जुल्म किए जा रहे हैं। जेल में दुर्भाग्यपूर्ण व्यवहार और सहूलियतें न दिए जाने का आरोप लगाया।
स्वास्थ्य का नहीं रखा जा रहै ध्यान
इस दौरान सपा के नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बावजूद एक वरिष्ठ राजनेता की हैसियत से मिलने वाली सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कहा कि जिस बैरक में उन्हें रखा गया है उसमें 28 खिड़कियां हैं जोकि टूटी हुई हैं। उनसे रात में ठंडी हवा आती है। नमाज पढ़ने के लिए कुर्सी या स्टूल भी नहीं दिया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष अजय सागर ने कहा कि ठंडी रातों में ओढ़ने के लिए कंबल तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। इन्होंने प्रशासन से मांग की आजम खां को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।