Azam Khan की पत्नी तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम के शस्त्र लाइसेंस निरस्त! DM ने की कार्रवाई
सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां की पत्नी डॉ. तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम के शस्त्र लाइसेंस डीएम कोर्ट ने निरस्त कर दिए हैं। डीएम ने यह कार्रवाई गंज कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर की जिसमें लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश की गई थी। दोनों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को शस्त्र जमा करने और रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए हैं।

जागरण संवाददाता, रामपुर। सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां की पत्नी एवं पूर्व विधायक डॉक्टर तंजीम फातिमा और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के शस्त्र लाइसेंस डीएम की कोर्ट से निरस्त हो गए हैं। शुक्रवार को डीएम गुरविंदर सिंह ने यह कार्रवाई गंज कोतवाली पुलिस की असलाह निरस्त करने की संस्तुति रिपोर्ट के आधार पर की।
सपा से राज्यसभा सदस्य और शहर विधायक रह चुकीं डॉक्टर तंजीम फातिमा और स्वार से विधायक रहे अब्दुल्ला आजम पर कई मुकदमे पंजीकृत हैं। दोनों के नाम पर 32 बोर के रिवाल्वर के लाइसेंस जारी हैं।
मुकदमों को आधार बनाकर गंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व में इन दोनों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति रिपोर्ट डीएम को भेजी थी। जिस पर डीएम की कोर्ट से दोनों को नोटिस जारी किए गए थे। दोनों पक्षों को सुनने के बाद डीएम ने अब्दुल आजम और डॉक्टर तंजीम फातिमा के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिए हैं। वहीं गंज कोतवाली पुलिस को शस्त्र जमा कर रिपोर्ट कोर्ट को भेजने के भी आदेश दिए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।