टीडौली में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, घेर में सोते समय दिया वारदात को अंजाम
टीडौली में एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश जारी है।

अंबेहटा के गांव टिडौली में घटना स्थल पर एकत्र भीड़। जागरण
संवाद सूत्र,जागरण, अंबेहटा (सहारनपुर)। नकुड़ थानाक्षेत्र के टीडौली गांव में घेर में सोते समय बदमाशों ने भाजपा नेता के गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने भाजपा नेता के माथे में सटाकर गोली मारी और मौके से भाग निकले। मामले की जानकारी उस समय हुई जब मृतक की पुत्रवधु घेर में पशुओं का दूध लेने के लिए पहुंची। ससुर का चारपाई पर लहूलुहान हालत में शव पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद मौके पर डीआइजी अभिषेक सिंह, एसपी देहात सागर जैन टीम के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। धर्म सिंह कोरी (65) भाजपा में अंबेहटा मंडल उपाध्यक्ष थे। हादसे के बाद उनके आवास पर गंगोह विधायक किरत सिंह, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे।
घटना शुक्रवार रात करीब दो बजे की है। भाजपा नेता का बेटा सुशील कोरी भाजपा में अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पिता धर्म सिंह कोरी पुत्र जगन कोरी भाजपा में अंबेहटा मंडल उपाध्यक्ष थे। वे शुक्रवार रात को घर के बराबर घेर में सो रहे थे। सुबह करीब पौने सात बजे जब उनकी पत्नी नीलम पशुओं का दूध निकालने के लिए घेर में गई तो उसने देखा कि पिता की चारपाई के पास खून बह रहा है। खून देखते ही उसने शोर मचाया। शोर सुनकर सभी भाई घेर में आ गए और देखा कि पिता के माथे में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
गोली माथे से सटाकर मारी गई, गोली कान के पीछे से बाहर की तरफ निकली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मजाहिर ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पुलिस में खलबली मच गई। डीआइजी अभिषेक सिंह, एसपी देहात सागर जैन मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाएं। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर की गोली भी मिली है।
मृतक के बड़े बेटे सुमित ने बताया कि लगभग दो बजे कुत्तों के भौंकने की आवाज आई और पटाखे जैसी आवाज भी आ रही थी, चूंकि गांव में दो शादियां थी और उसमें आतिशबाजी हो रही थी। आतिशबाजी की आवाज समझ कर ही स्वजन घर में ही लेटे रहे। सुबह घेर में पहुंचने पर घटना का पता लगा।
मामले की जांच की जा रही है
स्वजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। स्वजनों ने रंजिश की कोई बात नहीं बताई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग तीन टीम गठित की गई।
सागर जैन, एसपी देहात

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।