Saharanpur News : तंत्र क्रिया के बहाने युवती से दुष्कर्म, माता-पिता को कमरे में बंद कर दिया वारदात को अंजाम
Saharanpur News सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में एक व्यक्ति झाड़ फूंक करने के लिए एक परिवार के घर आता था। आरोप है कि उक्त व्यक्ति उनके घर आया और परिवार के सभी लोगों को अलग कमरे में जाने को कहा। बाद में आरोपित ने कमरा बंद कर उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

संवाद सहयोगी, जागरण देवबंद (सहारनपुर)। तंत्र क्रिया के बहाने एक व्यक्ति ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इससे पूर्व आरोपित ने माता-पिता को एक कमरे में बंद कर दिया। वारदात के बाद आरोपित धमकी देता हुआ फरार हो गया। पुलिस ने स्वजन की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार को बसपा जिला संयोजक सुशील जायसवाल के साथ एक परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। परिवार के मुखिया ने तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं रहती है। जनवरी से मानकी निवासी एक व्यक्ति झाड़ फूंक करने के लिए घर आता था। आरोप है कि रविवार की शाम उक्त व्यक्ति उनके घर आया और उसे व पत्नी समेत परिवार के सभी लोगों को अलग कमरे में जाने को कहा।
बाद में उक्त व्यक्ति ने कमरा बंद कर दिया, जबकि 20 वर्षीय बेटी को झाड़ फूंक के बहाने अलग कमरे में ले गया, जहां उसने पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। आरोपित ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी और चला गया। बसपा कार्यकर्ताओं ने मामले में पुलिस से आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने कहा कि जांच की जा रही है।
कंटेनर ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पत्नी की मौत
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के मूंगागढ़ वाल्मीकि बस्ती निवासी सिद्धांत कुमार पुत्र मनोज शनिवार रात करीब सवा 11 बजे पत्नी बरखा के साथ बाइक पर पुरानी चुंगी से बेहट रोड होते हुए घर लौट रहे थे। इसी बीच बेहट रोड पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
कंटेनर की टक्कर लगते ही उनकी बाइक गिर गई। इस दौरान बरखा के ऊपर कंटेनर का पहिया चढ़ गया। हादसे के बाद कंटेनर को छोड़कर आरोपित चालक फरार हो गया। वहीं सिद्धांत भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों और पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही बरखा ने दम तोड़ दिया। सिद्धांत ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नगर कोतवाली में तहरीर दी है।
नगर कोतवाली प्रभारी नेमचंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कंटेनर लुधियाना से स्टेशनरी का सामान लेकर बेहट की ओर जा रहा था। कंटेनर मालिक को बुलाया गया है। कंटेनर चालक की पहचान एटा जिले के मिरहटी गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है।
अभी नहीं हुई थी कोई संतान
पुलिस के मुताबिक सिद्धांत के माता-पिता की मौत हो चुकी है। सिद्धांत और उसकी बहन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सिद्धांत और पत्नी बरखा को अभी कोई संतान नहीं हुई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।