संभल में मौसम ने बदली करवट, आसमान में छाये बादलों से बढ़ी ठिठुरन; कब होगी बारिश?
रविवार को तेज धूप के बाद सोमवार को संभल में मौसम बदल गया। आसमान में बादल छा गए और तापमान में गिरावट आई, जिससे ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर तक बादल छाए रहेंगे और 31 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। किसानों को आलू, सरसों और बाजरा की फसलों को लेकर चिंता सता रही है, क्योंकि बारिश से पैदावार प्रभावित हो सकती है।

जागरण संवाददाता, चंदौसी। रविवार को चटख धूप के बाद सोमवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह कुछ देर निकली हल्की धूप के बाद दोपहर तक आसमान पर बादलों ने पूरी तरह कब्जा जमा लिया। दिनभर सूर्यदेव के न दिखने से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के बीच सड़कों पर बाइक सवार लोग ठिठुरते नजर आए, वहीं कई स्कूलों के छात्र गर्म कोट पहनकर स्कूल जाते दिखाई दिए। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, जनपद में फिलहाल मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। 30 अक्टूबर तक आसमान में घने बादलों का डेरा रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके बाद एक नवंबर को मौसम साफ होने और दिनभर खिली धूप रहने के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि धूप कम निकलने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है, हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। नमी बढ़ने के कारण सुबह और शाम के समय ठंडक का असर और तेज महसूस किया जा रहा है। वहीं, एक नवंबर को आसमान साफ रहने से दिन में हल्की गर्माहट लौटने की उम्मीद है।
किसानों की बढ़ी चिंता
इन दिनों आलू और सरसों की बुवाई चल रही है। जनपद में आलू की खेती बड़े स्तर पर होती है। किसान वीरेंद्र प्रधान ने बताया कि अभी दोनों फसलों का काम तेजी से चल रहा है। अगर ऐसे में बारिश होती हो तो इनकी पैदावार पर असर पड़ेगा। वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में बाजरा की कटाई चल रही है, जबकि कुछ की कटी हुई फसल खेतों में पड़ी है। वहीं गन्ना भी खेतों में लगभग तैयार है। बारिश के साथ हवा चली तो खेती पर नकारात्म प्रभाव पड़ना तय है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।