Shravasti News: सड़क दुर्घटना में होमगार्ड जवान की मौत, शिक्षक समेत तीन लोग घायल
श्रावस्ती में घने कोहरे के चलते दो सड़क दुर्घटनाओं में होमगार्ड जवान की मौत हो गई, जो ड्यूटी से लौट रहे थे। एक शिक्षक समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्ह ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, जमुनहा (श्रावस्ती)। सुबह घने कोहरे के कारण दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क दुर्घटनाओं में ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड जवान की मौत हो गई। शिक्षक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। इलाज के लिए इन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया। स्थिति में सुधार होने पर चिकित्सकों ने घायलों को घर भेज दिया।
सोनवा क्षेत्र के बरावां हरगुन गांव निवासी कृष्ण गोपाल विश्वकर्मा होमगार्ड जवान थे। मंगलवार की रात उनकी सोनवा क्षेत्र में ड्यूटी लगी थी। रात में ड्यूटी करने के बाद बुधवार की सुबह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। भिनगा-बहराइच हाईवे पर मोहरनिया गांव के पास पीछे से आ रहा अज्ञात वाहन बाइक को टक्कर मारते हुए करीब 100 मीटर तक बाइक को घसीटे ले गया। इसके बाद चालक वाहन को लेकर फरार हो गया।
इसमें होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम ने इलाज के लिए एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। यहां उनकी मौत हो गई। सोनवा थानाध्यक्ष विसुनदेव पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में होमगार्ड जवान की मौत हुई। हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
भिनगा क्षेत्र के पटना खरगौरा के पटना गांव निवासी शिक्षक अलखराम सुबह स्कूल जा रहे थे। खरगौरा-सेमरी मार्ग पर घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में टकरा गए। इससे वे घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी होने पर शिक्षक के छोटे भाई पवन कुमार अपने भतीजे अभयराज के साथ घटनास्थल की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान वे भी सड़क किनारे खड़े उसी ट्रक से टकरा गए। इसमें दोनों घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लगाया गया है। यहां इलाज के बाद स्थिति में सुधार होने पर घर भेज दिया गया।
घायल सुरेंद्र की भी तीसरे दिन हुई मौत
जमुनहा: सोनवा क्षेत्र के हुसैनपुर खुरुहरी गांव निवासी किशोर प्रिंस मिश्र व उसके दोस्त सुरेंद्र कुमार आठ दिसंबर को घर पर बिना बताए चुपके से बाइक लेकर चले गए थे। भिनगा-बहराइच हाईवे पर घने कोहरे के बीच बैभी मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। प्रिंस की जिला अस्पताल बहराइच में मौत हो गई थी। घायल सुरेंद्र को ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था। यहां बुधवार की सुबह इलाज के दौरान सुरेंद्र की भी मौत हो गई।
कोहरे ने बढ़ाई मुश्किल
श्रावस्ती : तराई में सुबह काफी देर तक कोहरा घिरा रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने बाइक व साइकिल चालकों को काफी परेशान हो रही है। हादसे भी होने लगे हैं। ठंड व कोहरा पटरी दुकानदारों व दिहाड़ी मजदूरों को परेशान कर रहा है। जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।