जैविक खेती देखने सीतापुर पहुंचे Hardik Pandya के कोच, हार्दिक-कुणाल पांड्या के क्रिकेट करियर पर भी बात की
मशहूर क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और कुणाल पांड्या के कोच जितेंद्र सिंह ने रेउसा ब्लॉक के आर्गेनिक विलेज सिकौहा का दौरा किया। उन्होंने किसान श्वेतांक त्रिपाठी के कृषि फार्म में जैविक खेती देखी और किसानों को नई तकनीक अपनाने की सलाह दी। जितेंद्र सिंह ने देसी बीजों के संरक्षण की सराहना की और हार्दिक पांड्या व कुणाल पांड्या के क्रिकेट करियर पर भी बात की।
-1761455593980.webp)
जागरण संवाददाता, सीतापुर। मशहूर क्रिकेटर हार्दिक पांड्या व कुणाल पांड्या (दोनों भाई) के कोच रहे जितेंद्र सिंह शुक्रवार को रेउसा ब्लाक के आर्गेनिक विलेज सिकौहा पहुंचे। प्रगतिशील किसान श्वेतांक त्रिपाठी के साथ गांव का भ्रमण किया, सभी के यहां गाय पली देखकर खुशी जताई।
किसान श्वेतांक त्रिपाठी के अग्निहोत्र कृषि फार्म को भी देखा। फार्म में जैविक विधि से की जा रही खेती की जानकारी ली। कृषि फार्म में बोई फसलों को देखकर वह प्रभावित हुए। जिमीकंद (सूरन) की खेती देखकर प्रसन्नता जाहिर की।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह बहराइच में अपने मित्रों से मिलने आए थे। आर्गेनिक विलेज सिकौहा के विषय में जानकारी होने पर यहां आए। उन्होंने कहा कि गांव के लोग आर्गेनिक विधि से खेती कर रहे हैं, यह बहुत अच्छा है। सभी लोग गाय का पालन भी कर रहे हैं। इससे खेतों के लिए गोबर की खाद मिल रही है।
उन्होंने कहा किसान परिश्रम के साथ नई तकनीक अपनाकर खेती करें, इससे पैदावार क्षमता के साथ आय भी बढ़ेगी। खेतों से ही हमें सारे खनिज, अनाज, रबर, सब्जियां और औषधियां मिल रही हैं। हर आवश्यक तत्व हमें भूमि से ही प्राप्त होता है। भूमि के महत्व को समझना होगा। इसे बेचें नहीं, बल्कि अपनी आय का जरिया बनाएं। श्वेतांक त्रिपाठी ने उनको सूरन, जौ, चना, गेहूं, सरसों, तरोई व धान आदि के देसी बीज दिए। श्वेतांक ने करीब 150 से ज्यादा फसल व सब्जियों के देसी बीज संरक्षित किए हैं।
बड़ोदरा के रहने वाले हैं जितेंद्र
जितेंद्र सिंह गुजरात के बड़ोदरा के रहने वाले हैं। उन्होंने बड़ोदरा क्रिकेट अकादमी में हार्दिक पांड्या व कुणाल पांड्या सहित कई अन्य खिलाड़ियों को कोचिंग दी है। जितेंद्र सिंह ने कोई रणजी व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं खेला है, उनकी पहचान केवल एक कोच के रूप में है। क्रिकेट में सफलता पाने के बाद हार्दिक व कुणाल ने अपने गुरु को कार उपहार में दी थी। दोनों भाई समय-समय पर अपने गुरु की आर्थिक मदद भी करते हैं।
हार्दिक मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान, कुणाल ने जिताया था फाइनल
हार्दिक पांड्या वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हैं, जबकि कुणाल रायल चैलेंजर्स बैंगलुरु की तरफ से खेलते हैं। आइपीएल के गत फाइनल मैच में रायल चैलेंजर्स बैंगलुरु की टीम ने जीत दर्ज की थी, जिसमें कुणाल पांड्या मैन ऑफ द मैच रहे थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।