Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोनभद्र में धान क्रय केंद्र खोलने की मांग को लेकर नौडीहा के किसानों ने किया प्रदर्शन

    By Abhishek sharmaEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Mon, 03 Nov 2025 01:48 PM (IST)

    सोनभद्र के नौडीहा में किसानों ने धान क्रय केंद्र खुलवाने के लिए प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि फसल तैयार है, लेकिन केंद्र न होने से उपज बेचने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द केंद्र खुलवाने की मांग की है ताकि उन्हें फसल का सही दाम मिल सके और वे नुकसान से बच सकें।

    Hero Image

    किसानों ने सोमवार को साधन सहकारी समिति नौडीहा पर प्रदर्शन किया। 

    जागरण संवाददाता, (सोनभद्र)। नगवां ब्लाक क्षेत्र के नौडीहा न्याय पंचायत के किसानों ने सोमवार को साधन सहकारी समिति नौडीहा पर प्रदर्शन किया। किसानों ने जिलाधिकारी से धान क्रय केंद्र खोलने की मांग की है।

    ग्राम प्रधान भुवनेश्वर प्रसाद ने बताया कि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार सिंह गोड़, सांसद छोटेलाल खरवार और विधायक भूपेश चौबे ने इस संबंध में अपनी लिखित संस्तुति दी है। इसके बावजूद, अभी तक धान क्रय केंद्र नहीं खोला गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    किसानों का कहना है कि अन्य समितियों ने धान की खरीदारी शुरू कर दी है, जबकि दो वर्ष पूर्व नौडीहा में धान की खरीद होती थी, जो अब बंद हो गई है। इससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धान खरीददारी बंद होने के कारण किसानों को व्यापारियों को औने-पौने दाम में धान बेचना पड़ रहा है।

    किसानों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में दूसरा साधन सहकारी समिति खलियारी है, जो नौडीहा से 25 से 30 किमी दूर स्थित है। वहां धान ले जाकर बेचने से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रदर्शन में नन्दू प्रसाद, मोहम्मद अली, सोबराती, बबुंदर खरवार, बिफन गुर्जर, विनोद कुमार, कमलेश, चन्द्रभान सिंह, राजेश्वर सिंह, यादव, पारस, रामराज, गोपाल सिंह, सनोज कुमार, रिजवान अली, रामदेव शंकर आदि किसान शामिल हुए।

    उधर, कोआपरेटिव के जिला प्रबंधक राकेश गुप्ता ने बताया कि क्रय केंद्र खोलने के लिए मुख्यालय लखनऊ को पत्र भेजा गया है। वहां से निर्देश आने के बाद ही क्रय केंद्र खोला जा सकेगा।

    किसानों की इस मांग को लेकर प्रदर्शन ने स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। यदि जल्द ही धान क्रय केंद्र नहीं खोला गया, तो किसानों की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। किसानों ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान करेगा और जल्द ही धान क्रय केंद्र खोला जाएगा, जिससे उन्हें उचित मूल्य पर अपनी फसल बेचने का अवसर मिल सके।