उन्नाव में महिला की बेरहमी से हत्या, जलनिगम के पंप आपरेटर की पत्नी को धारदार हथियार से मार डाला
उन्नाव में रायबरेली के जलनिगम कर्मी रामखेलावन की पत्नी नगीना की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। नगीना का शव बरामदे में खून से लथपथ मिला, जिसके चेहरे ...और पढ़ें
-1765359190733.webp)
संवाद सूत्र, अचलगंज (उन्नाव)। रायबरेली के जलनिगम कर्मी अचलगंज के मन्नीखेड़ा मजरे नथई सिंह निवासी रामखेलावन की 55 वर्षीय पत्नी नगीना की मंगलवार रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह 10 बजे उनका शव घर के अंदर बरामदे में खून से लथपथ मिला। चेहरे व सिर पर गहरे जख्म होने के साथ चूड़ियां टूटी पड़ी मिलीं। कलाई पर चोट के निशान महिला द्वारा हत्यारोपित से संघर्ष करने की गवाही दे रहे हैं। पति ने शक के आधार पर तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। किसी अपने द्वारा ही हत्या की जोरों पर चर्चा है।
रामखेलवान रायबरेली के सलोन तहसील के मियागंज रानीपारा में जलनिगम में पंप आपरेटर हैं। कोई संतान न होने से उनकी पत्नी नगीना गांव के बाहर 500 मीटर दूर खेत में बने घर में अकेली रहती थी। उसके घर के पास ही गांव के पास का ट्यूबवेल है। बुधवार सुबह 8:30 बजे पारस ट्यूबवेल पर जीन लेने पहुंचा था। उसने महिला का गेट अंदर से बंद देख आवाज दी पर कोई जवाब न मिलने पर मेन गेट के बीच की सांस से झांककर देखा।
महिला का शव पड़ा देख भागकर गांव पहुंचा और वहां रह रही नगीना की देवरानी प्रेमा को जानकारी दी। प्रेमा परिवार की हिना के साथ मौके पर पहुंची और गांव के पारस को पीछे की दीवार से छत पर चढ़ाया। उसने नगीना का शव कमरे के बाहर बरामदे में खून से लथपथ पड़ा देख पति रामखेलावन को जानकारी दी। रिश्तेदार की तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने सोमवार को मल्लावां हरदोई गया पति रामखेलावन दोपहर करीब एक बजे घर पहुंचा और पत्नी नगीना का शव देख बेहाल हो गया। एसओ ब्रजेश शुक्ल मौके पर पहुंचे और जांच की। घटनास्थल से पांच फीट दूर बंधी भैंस के पैरों के नीचे महिला की साड़ी पड़ी मिली।
शव के पास तख्त पर बिस्तर बिछे व रजाई रखी मिली। बिस्तर में भी खून लगा मिला। अलमारी बक्सों के ताले बंद मिले। जिससे किसी तरह की लूटपाट न होने की पुष्टि हुई। गांव में किसी अपने द्वारा ही महिला की हत्या किए जाने की चर्चा है। पति रामखेलवान ने शक के आधार पर गांव के अशोक, मोहित उर्फ मुक्ता व लालता पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि इन लोगों से दो साल पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था। एसओ ब्रजेश शुक्ल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है।
सात दिसंबर को रायबरेली से घर आए थे रामखेलवान
रामखेलावन ने बताया कि वह सात दिसंबर की रात घर आए थे फिर सुबह रायबरेली ड्यूटी पर चले गए थे। मोबाइल न चला पाने से पत्नी नगीना अपने पास फोन नहीं रखती थी। चर्चा है कि पति एक साल पहले एक महिला को लेकर घर आए थे। 15-20 दिन घर में उसे रखा बाद में पत्नी नगीना के विरोध करने पर पति उसे छोड़ आया था। इस पर पति-पत्नी में जमकर विवाद हुआ था। इस चर्चा के अलावा पुलिस दो साल पूर्व जमीनी विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
हत्या में दो या तीन लोगों के शामिल होने की आशंका
जिस तरह से हत्या को अंजाम दिया गया, उससे स्पष्ट है कि वारदात को दो से तीन लोगों ने अंजाम दिया है। जान बचाने के लिए महिला ने हत्यारोपितों से जमकर संघर्ष किया। साड़ी गोड़ें में मिलने से चर्चा है कि महिला जान बचाने के लिए गोड़े तक भागकर पहुंची है। मृतका का मायका फतेहपुर जिला के खागा क्षेत्र का है। महिला गांव में रहकर भैंस पालन के साथ खेती की देखभाल करती थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।