यूपी में चक्रवाती तूफान का खतरा! पूर्वांचल में 29 से 31 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
यूपी में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण 28 अक्टूबर को एक गंभीर चक्रवाती तूफान आने की आशंका है। इसका असर आंध्र प्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। पूर्वांचल में 29 से 31 अक्टूबर के बीच गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान में गिरावट और उमस बढ़ने के आसार हैं।
-1761533885392.webp)
जागरण संवाददाता, वाराणसी/लखनऊ। यूपी में आज मौसम साफ बना रहेगा। दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी पर बना गहन अवदाब और प्रबल होकर मंगलवार 28 अक्टूबर को गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में बदल जाएगा। आंध्र प्रदेश तट पार करने के बाद इसके उत्तरोत्तर कमजोर होते जाने की संभावना है। फिर भी इसका शेष बचा हिस्सा दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश को आंशिक रूप से प्रभावित कर सकता है।
इससे पूर्वांचल के कुछ जिलों में 29-31 अक्टूबर के दौरान तड़ित झंझावात के साथ वर्षा होने की संभावना है। लखनऊ स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया इस मौसम तंत्र के प्रभाव से बादलों की आवाजाही शुरू होगी।
इससे आगामी 4-5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में त्वरित उतार-चढ़ाव के साथ 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है जबकि न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, इसमें मामूली बढ़ोत्तरी हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में चल रही गतिविधियों के चलते उधर से आ रही नमीयुक्त हवा से इधर दो-तीन दिनों से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। इससे अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान में इतनी ही वृद्धि भी हुई।
बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस ऊपर 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच 76 से 81 प्रतिशित के बीच आर्द्रता बनी रही।
जबकि बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान बीते 24 घंट से स्थिर बना हुआ है और न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहां अधिकतम तापामन सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 33.5 तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 21.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।