वाराणसी में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम जयापुर में बालिकाओं ने रैली निकाल कर माँगा बराबरी का हक
वाराणसी के जयापुर में आशा ट्रस्ट और लोक समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं ने भ्रूणहत्या, दहेज और बाल विवाह के खिलाफ रैली निकाली। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के नारे के साथ, लड़कियों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाई। बालिका महोत्सव में नाटक और भाषणों के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लड़कियों को प्रोत्साहित किया और कुरीतियों को मिटाने का संदेश दिया।

बालिकाओं ने भ्रूणहत्या, दहेज और बालविवाह के खिलाफ एक रैली निकाली।
जागरण संवाददाता, (मिर्जामुराद) वाराणसी। आशा ट्रस्ट और लोक समिति के तत्वावधान में शनिवार को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम जयापुर में बालिकाओं ने भ्रूणहत्या, दहेज और बालविवाह के खिलाफ एक रैली निकाली।
लोक समिति वाराणसी और आशा ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से जयापुर और आसपास के गांवों से आई किशोरी लड़कियों ने जयापुर से चंदापुर बाजार तक "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" रैली का आयोजन किया। रैली में शामिल लड़कियों ने "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ", "नज़रें नहीं झुकना है, आगे बढ़ते जाना है", "भ्रूणहत्या बंद करो", "बाल विवाह बंद करो", "तिलक दहेज बंद करो" जैसे नारे लगाए। रैली में बड़ी संख्या में मुस्लिम लड़कियां भी शामिल हुईं।
रैली के बाद चंदापुर बाजार में बालिका महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन यूरोप से आई शोध छात्रा श्रेया और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने दीप जलाकर किया। लड़कियों ने भ्रूण हत्या, दहेज, बालविवाह, गैरबराबरी, लड़कियों के यौन उत्पीड़न आदि पर नाटक, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी में लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने लड़कियों को समाज में बराबरी के लिए प्रोत्साहित किया है, लेकिन जब तक समाज जागरूक नहीं होगा, लड़कियों पर अत्याचार होता रहेगा। सामाजिक कार्यकर्ता नीति ने कहा कि दहेज, बाल विवाह और कन्या भ्रूण हत्या समाज में अभिशाप हैं, इन्हें जड़ से मिटाना होगा, जिसके लिए महिलाओं को आगे आना होगा।
सामाजिक कार्यकर्ता शर्मिला ने कहा कि सरकार ने स्वच्छ भारत और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान चलाकर अच्छी पहल की है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों और स्कूलों में सामुदायिक शौचालय की स्थिति दयनीय है, जिससे लड़कियों को बाहर निकलने और स्कूल जाने में कठिनाई होती है।
राजातालाब थाने से आए एसएचओ दयाराम और एसआई मानसी यादव ने मिशन शक्ति अभियान फेस 5 और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्वागत सिताबुन और बेबी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अनीता ने की और संचालन मैनबबानो वर्षा ने किया।
धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजिका सोनी और सीमा ने किया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रिंकू सिंह, महेंद्र, सीमा, बेबी, मनीषा, आशा, मैनबबानो, प्रिया, संचित, नाजिया, चंदा, नाज, किरन, ज्योति, कैकशा, कविता, नीलू, साक्षी, अंजनी, वर्षा, डाली, सानिया, नीलू, अनीता, सोनी, राजकुमारी, मधुबाला और रामबचन ने अपने विचार रखे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।