कांग्रेस ने काशी में पीएम के विरोध की दी चेतावनी, पूर्वांचल भर में कई नेता रात से ही हाउस अरेस्ट, देखें वीडियो...
रायबरेली में राहुल गांधी के विरोध के बाद कांग्रेस वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने की योजना बना रही है। प्रशासन सतर्क है और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल को हाउस अरेस्ट किया गया है। सपा नेता अमन यादव को हिरासत में लिया गया है। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का विरोध करेंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। रायबरेली में भाजपा नेताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का रास्ता रोके जाने के बाद कांग्रेस काशी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करने की तैयारी में है।
इसे लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी सक्रियता बरत रहा है और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल को हाउस अरेस्ट किया गया है। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ को घर से न निकलने की हिदायत दी गई है। सपा नेता अमन यादव को लंका पुलिस ने हिरासत में लिया। साथ ही कई अन्य पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को रात में ही हाउस अरेस्ट किया गया है।
देखें वीडियो :
पुलिस भेजकर हमें रोकना, कार्यकर्ताओं की आवाज़ दबाना — ये लड़ाई को रोक नहीं पाएगा,ये वोट चोरों को बचा नहीं पाएगा।
— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) September 10, 2025
कांग्रेस का हर बब्बर शेर कार्यकर्ता गली-गली,गांव गांव से विरोध करेगा और आवाज़ देगा —
“मोदी, वोट चोरी बंद करो!” ✊🇮🇳
📍लखनऊ pic.twitter.com/Hy0q4MAkOI
वहीं सुबह कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल को मिर्जामुराद थाने पर हिरासत में रखने पर मिर्जामुराद थाना परिसर में धरना देते कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आवाज दबाने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें : बीएचयू की छात्रा रहीं सुशीला कार्की बनेंगी नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री, रह चुकी हैं नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को सुबह वाराणसी की पुलिस लाइन पहुंचकर प्रधानमंत्री का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि मारीशस के प्रधानमंत्री डा. नवीनचंद्र रामगुलाम का हम काशी में स्वागत करते हैं। काशी में हम वार्ता का सम्मान करते हैं। हमारा विरोध काशी के सांसद व देश के पीएम को लेकर है।
आरोप लगाया कि रायबरेली में नेता प्रतिपक्ष का भाजपा की ओर से साजिशन विरोध किया गया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के इस बयान के बाद पुलिस उनके लखनऊ स्थित आवास पर पहुंची। इस पर उन्होंने कहा कि मैं तो यहां ही हूं। आपत्ति भी जताई कि इतनी रात में आने का कोई समय नहीं है, कुछ है तो लिखकर दीजिए, जिसके बाद पुलिस टीम लौट गई। हालांकि, गुरुवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का मछली शहर में कार्यक्रम है। माना जा रहा है कि पुलिस उन्हें वहां जाने से रोक सकती है।
वहीं गाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जाने का एलान किए जाने को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से बुधवार की रात कांग्रेस नेता को हाउस अरेस्ट करने की कार्रवाई की गयी। मुहम्मदाबाद इलाके हरिहरपुर स्थित कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव आनंद राय सांकृत के आवास पर रात करीब 10.05 बजे कोतवाली पुलिस के दो जवान पहुंचकर उन्हें बताया कि उनकी ड्यूटी उनके यहां लगाई गयी है। उन्हें आवास छोड़कर नहीं जाना है।
वहीं आजमगढ़ जिले में भी वाराणसी में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह उर्फ मुन्ना राय को उनके आवास वाराणसी मे हाउस अरेस्ट करने की जानकारी है।
मीरजापुर में कांग्रेस नेताओं को घर पर किया नजर बंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी में आगमन कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं को बुधवार की रात्रि से उनके घर पर नजर बंद कर दिया है। बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आवाहन पर वोट चोर गद्दी छोड़ नारे के साथ गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी आने से रोकने तथा उनके खिलाफ प्रदर्शन करने का निर्देश दिया था। जिसको लेकर जिला प्रशासन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को उनके घर पर ही नजर बंद करने का निर्देश दिया था जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता वाराणसी जाकर विरोध प्रदर्शन न कर सकें।
जिसके तहत चील्ह थाना की पुलिस ने विकासखंड कोन क्षेत्र के पचेवरा गांव निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजधर दुबे एवं तिलठी गांव निवासी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोन के अध्यक्ष प्रवेश कांत दुबे को बुधवार की रात्रि से ही चील्ह थाना की पुलिस ने घर पर नजर बंद कर दिया है। ताकि यह लोग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाकर विरोध प्रदर्शन न कर सके। कांग्रेस नेताओं को नजर बंद होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजधर दुबे एवं प्रवेश कांत दुबे ने सरकार की इस कृत्य को संविधान विरोधी बताया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।