Varanasi top 10 news, 3 November 2025 : भाजपा कार्यकर्ता ने की छेड़खानी, संस्कृत विश्वविद्यालय को ए ग्रेड और तेरही पर पिता की भी मौत सहित पढ़ें टॉप 10 खबरें
वाराणसी, 3 नवंबर 2025 की मुख्य खबरें: भाजपा कार्यकर्ता पर छेड़खानी का आरोप लगा है, पुलिस जांच कर रही है। संस्कृत विश्वविद्यालय को ए ग्रेड मिला है। एक परिवार में तेरहवीं पर पिता की मृत्यु हो गई। शहर में यातायात की व्यवस्था अब चुनौती बनती जा रही है।

एक ही खबर में पढ़ें वाराणसी और पूर्वांचल की टाप टेन खबरें।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। Varanasi top news: पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख अब सामान्य होने के बाद फसलों के नुकसान का आंकड़ा सामने आने लगा है। दूसरी ओर देव दीपावली का आयोजन भी शुरू हो चुका है। यातायात व्यवस्था से लेकर गंगा में नौका संचालन को लेकर तैयारियों का दौर जारी है।
वाराणसी में बुद्ध अस्थि अवशेष का दर्शन कर बौद्ध अनुयायी निहाल हुए, देव दीपावली पर गंगा में हो जाता है ट्रैफिक जाम, दालमंडी में बिजली विभाग ने भी जारी की नोटिस, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय को NAAC के तृतीय चक्र में मिला ‘A’ ग्रेड, देव दीपावली का ट्रैफिक प्लान जारी आदि खबरों की चर्चा बनी रही।
पूर्वांचल में भाजपा कार्यकर्ता ने आजमगढ़ में चाय के दुकानदार की पत्नी से की छेड़खानी, गाजीपुर में भाजपा नेता मन्नू बिंद की गिरफ्तारी के बाद थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडेय निलंबित, जौनपुर में बेटे की तेरही पर पिता ने तोड़ा दम, मऊ में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान लगी आग, खतरे में 14 माह के मासूम की जान सहित कई चर्चित खबरें रहीं।
पढ़ें वाराणसी और पूर्वांचल की टॉप 10 खबरें :
सारनाथ में बुद्ध अस्थि अवशेष का दर्शन कर बौद्ध अनुयायी निहाल हुए
- वाराणसी : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सारनाथ में महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर का 94वां वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर बौद्ध मंदिर में रखे भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेष का दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में बौद्ध अनुयायी एकत्रित हुए। विहाराधिपति भिक्षु आर सुमित्ता नन्द थेरो के नेतृत्व में मोती हीरा से जड़ित फ्लास्क में रखे भगवान बुद्ध का पवित्र अस्थि अवशेष मंदिर के मुख्य हाल में दर्शनार्थ रखा गया था।
देव दीपावली पर गंगा में हो जाता है ट्रैफिक जाम, सुरक्षा की हो रही विशेष तैयारी
- वाराणसी : अभी गंगा में बाढ़ का पानी है और उसका बहाव भी तेज है। इसके चलते इस बार देव दीपावली में विशेष सावधानी बरतनी पड़ेगी। पुलिस भी इसे ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी कर रही है। नाविकों की नावों की जांच की जा रही है, उन्हें नावों को दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस ने गंगा से लेकर घाटों तक जोन व सेक्टर में बांटा है। वाच टावर के साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी के अनुसार देव दीपावली पर देश-दुनिया से लाखों लोग आएंगे।
दालमंडी में बिजली विभाग ने भी जारी की नोटिस, वसूली के लिए दिखाई सक्रियता
- वाराणसी : सड़क चौड़ीकरण अभियान के बीच लंबे समय से दालमंडी में बिजली चोरी और बिजली बकाया को लेकर ढीला रहा बिजली महकमा भी अब दुकानों और मकानों के अस्तित्व के खत्म होने के बाद अपने बकाए को लेकर चिंता में है। इसी कड़ी में सोमवार को दालमंडी क्षेत्र में बिजली विभाग ने भवन स्वामियों और दुकानदारों के लिए नोटिस चस्पा किया है, जिसमें उन्हें बकाया धनराशि जमा करने की सूचना दी गई है।
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय को NAAC के तृतीय चक्र में मिला ‘A’ ग्रेड
- वाराणसी : सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद् (NAAC) के तृतीय चक्र के मूल्यांकन में 3.09 सीजीपीए (CGPA) के साथ ‘A’ ग्रेड प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसन्धान परक दृष्टिकोण, प्राशासनिक पारदर्शिता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस अवसर पर सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार ने कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उनके विशेष कार्याधिकारी सुधीर एम बोबडे, डा. पंकज एल जानी तथा अशोक देसाई के प्रति हार्दिक कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया।
वाराणसी में देव दीपावली का ट्रैफिक प्लान जारी, आप भी नोट कर लें रूट चार्ट
- वाराणसी : वर्षों की भांति इस वर्ष भी धार्मिक परम्पराओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा स्नान देव दीपावली का पवित्र त्यौहार दिनांक 05.11.2025 को मनाया जायेगा। देव दीपावली कार्तिक मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। अब पुलिस प्रशासन ने रुट चार्ट जारी कर यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू की है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था और विष्णु जी ने मत्स्य अवतार भी लिया था। देव दीपावली का यह पर्व देवताओं द्वारा मनाया जाता है। वाराणसी, जो कि पौराणिक धार्मिकता और भगवान शिव की प्राचीन नगरी में देव दीपावली का यह पवित्र त्यौहार विशेष धूमधाम से मनाया जाता है।
भाजपा कार्यकर्ता ने आजमगढ़ में चाय के दुकानदार की पत्नी से की छेड़खानी, सिपाही को भी पीटा
- आजमगढ़ : महराजगंज कोतवाली परिसर स्थित फायर स्टेशन के बगल में स्थित एक चाय दुकानदार की पत्नी के साथ छेड़खानी कर रहे भाजपा कार्यकर्ता एवं जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव ने छेड़खानी का विरोध करने पर वहां मौजूद सिपाही अभिषेक पांडेय को पीट दिया। सिपाही को पीटने के लिए भाजपा कार्यकर्ता ने फोन करके अपने समर्थकों को भी बुला लिया और सबने मिलकर सिपाही को बुरी तरह से मारापीटा। सिपाही के शोर मचाने के बाद थाने से दौड़कर आए पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर मारपीट करने वाले भाजपा कार्यकर्ता फौजदार यादव और मोनू यादव को पकड़ लिया।
गाजीपुर में भाजपा नेता मन्नू बिंद की गिरफ्तारी के बाद थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडेय निलंबित
- गाजीपुर : दुष्कर्म के आरोपित को बचाने के मामले में भाजपा नेता मन्नू बिंद के जेल जाने के बाद अब कार्रवाई का सिलसिला पुलिस विभाग तक पहुंच गया है। पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने शादियाबाद थाने में उप निरीक्षक पद पर तैनात कासिमाबाद के तत्कालीन थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ज्ञात हो कि भाजपा नेता मन्नू बिंद पर दुष्कर्म के आरोपित बालेंद्र बिंद को बचाने के लिए एक लाख रुपये लेने का आरोप लगा था।
जौनपुर में बेटे की तेरही पर पिता ने तोड़ा दम, शोक में डूबा इलाका
- जौनपुर : करंट से झुलसकर पुत्र की मौत के सदमे से तेरही के दिन सोमवार को पिता की भी मौत हो गई। घटना क्षेत्र के पोरई खुर्द गांव की है। इससे बेटी की तेरही भी स्थगित कर दी गई। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले गांव निवासी 35 वर्षीय आशुतोष सिंह ने 13 दिन पूर्व रात में ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने को लगाया था। चार्जर निकालते समय करंट से झुलस जाने से आशुतोष सिंह की मौत हो गई थी। इससे उनके पिता 65 वर्षीय शोभनाथ सिंह हमेशा चिंतित रहते थे। सोमवार को आशुतोष सिंह की तेरही का कार्यक्रम आयोजित था।
मऊ में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान लगी आग, बाजार में मचा हड़कंप
- मऊ : थाना क्षेत्र के दुबारी बाजार स्थित काली चौराहा के निकट रविवार की देर शाम एक दुकानदार द्वारा अवैध तरीके से गैस सिलेंडर में रिफिलिंग के दौरान आग लग गई। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों और दुकानदार की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी आर्थिक क्षति या जनहानि नहीं हुई। यह एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, जिस दुकान में आग लगी, वहां अवैध रूप से बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था।
खतरे में 14 माह के मासूम की जान: ₹9 करोड़ का इंजेक्शन चाहिए, पिता ने सोशल मीडिया पर मांगी मदद
- मीरजापुर : क्षेत्र के करजी गांव निवासी आलोक कुमार द्विवेदी का 14 माह का पुत्र विनायक द्विवेदी स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित है। इस बीमारी के कारण बालक की मांसपेशियों में कमजोरी आ गई है, जिससे उसकी सामान्य गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही है। विनायक का इलाज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली की चिकित्सकों की एक टीम द्वारा किया जा रहा है। बालक के स्वास्थ्य में सुधार के लिए 9 करोड़ रुपये की लागत का एक विशेष इंजेक्शन लगाना आवश्यक है। इस भारी भरकम राशि की व्यवस्था करने में असमर्थ आलोक कुमार ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है।
नोट : पूर्वांचल और वाराणसी की खबरों के लिए क्लिक करें - www.jagran.com

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।