Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    उत्तराखंड पहुंचकर अध्यात्म में लीन हुए पूर्व राष्ट्रपति कोविंद, योगदा आश्रम में लगाया ध्यान

    Updated: Tue, 28 Oct 2025 07:43 PM (IST)

    पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। उन्होंने योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ़ इंडिया के आश्रम में ध्यान लगाया और कुछ समय बिताया। उनकी यह यात्रा व्यक्तिगत शांति और आध्यात्मिक अनुभव की खोज को दर्शाती है।

    Hero Image

    द्वाराहाट पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति कोविंद।

    संवाद सूत्र, रानीखेत/द्वाराहाट। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पर्यटक नगरी में कुछ देर ठहरने के बाद आध्यात्मिक नगरी द्वाराहाट पहुंचे। योगदा आश्रम में करीब दस मिनट तक ध्यान लगाकर बैठे। सन्यासियों के साथ अध्यात्म पर चर्चा की। क्रियायोग पर विचारों का आदान प्रदान किया। पूर्व राष्ट्रपति बुधवार को पांडवखोली पर्वतश्रेणी स्थित महावतार बाबा की गुफा में ध्यान लगाने पहुंचेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मंगलवार को सरोवर नगरी से रानीखेत पहुंचे। यहां माल रोड पर टूरिस्ट गेस्ट हाउस में अल्पविश्राम किया। यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात व एएसपी हरवंश सिंह ने उनका स्वागत किया। कोविंद यहां से द्वाराहाट पहुंचे। दूनागिरि रोड पर कौरवछीना (कुकुछीना) में भुमकिया स्थित एक रिजार्ट में करीब तीन घंटे बिताने के बाद पूर्व राष्ट्रपति कोविंद योगदा आश्रम पहुंचे।

    स्वामी वासुदेवानंद गिरि, विश्वानंद गिरि, अमयानंद गिरि, धैर्यानंद गिरि आदि संन्यासियों ने पूर्व महामहिम को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। पूर्व से ही धार्मिक प्रवृत्ति के रहे रामनाथ कोविंद ध्यान कक्ष पहुंचे। योगदा आश्रम से मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने करीब दस मिनट तक ध्यान लगाया। फिर परिसर में ही कृष्ण मंदिर में शीश नवाया।

    प्रसाद भी ग्रहण किया। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति दूनागिरि की पर्वत मालाओं का अवलोकन करने निकले। रात्रि विश्राम भुमकिया में करने के बाद बुधवार की सुबह कुकुछीना से करीब दो किमी दूर पांडवखोली की पहाड़ी पर महावतार बाबा की गुफा में वह ध्यान लगाने पहुंचेंगे।

    ग्रामीणों ने ताम्र कलश भेंट किया

    आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद समृद्ध पौराणिक द्वारका (द्वाराहाट) से सकारात्मक ऊर्जा प्रवाह को समेटने के लिए कई नामचीन हस्तियां यहां पहुंचती रही हैं। इसी कड़ी में अब देश के 14वें राष्ट्रपति रहे रामनाथ कोविंद का नाम भी जुड़ गया है।

    भुमकिया स्थित एक निजी रिजार्ट पहुंचने पर स्थानीय लोग भी आवभगत को जुटे। ग्रामीणों ने कोविंद को तांबे का कलश भी भेंट किया। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार राज, तहसीलदार तितिक्षा जोशी सहित पूरा प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा।